धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में जंगली जानवरों का खौफ लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला जिले के कारीपानी गांव से सामने आया है, जहां एक खूंखार तेंदुए ने रिहायशी इलाके में घुसकर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।
घर में घुसकर किया जानलेवा हमला
मिली जानकारी के मुताबिक, कारीपानी गांव में एक महिला अपने घर के बाहर रोज की तरह बर्तन धो रही थी। इसी दौरान जंगल की ओर से भटककर एक तेंदुआ अचानक वहां आ धमका। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, तेंदुए ने घर के भीतर और आसपास मौजूद लोगों पर हमला कर दिया।
इस हिंसक हमले में तीन ग्रामीण गंभीर रूप से जख्मी हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए, जिसके बाद तेंदुआ वहां से वापस जंगल की तरफ भागा। घायलों में दो लोगों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिनका इलाज जारी है।
सुबह बहीगांव में दिखा तेंदुआ, ग्रामीणों में दहशत
इस घटना के बाद से ग्रामीणों की नींद उड़ गई है। लोगों में इस बात का डर है कि तेंदुआ अभी भी आसपास के जंगलों या खेतों में ही छिपा हुआ है। ताजा सूचना के मुताबिक, आज सुबह यही तेंदुआ बहीगांव के पास भी देखा गया है, जिससे ग्रामीणों की धड़कनें और तेज हो गई हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को भी अलर्ट कर दिया गया है, ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और तेंदुए को पकड़ा जा सके।