रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप घोटाले और मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। जशपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा’ में शामिल होने से पहले रायपुर में मीडिया से चर्चा करते हुए सीएम साय ने कहा कि सट्टा किंग सौरभ चंद्राकर से केंद्रीय जांच एजेंसियों की पूछताछ में कई बड़े खुलासे होंगे और इस नेटवर्क से जुड़े कई अन्य लोगों के नाम भी सामने आएंगे।
अमित जोगी के बयान पर किया पलटवार
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के नेता अमित जोगी द्वारा सौरभ चंद्राकर को ‘हीरो’ बताए जाने वाले बयान पर सीएम साय ने कड़ा निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि यह बयान उनकी अपनी सोच का परिणाम है, और जैसी जिसकी मानसिकता होती है, वह वैसी ही अपनी क्वालिटी और स्तर को दर्शाता है।
कांग्रेस पर बोला तीखा हमला
कांग्रेस द्वारा ‘लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा पर उठाए जा रहे सवालों का पलटवार करते हुए सीएम साय ने कहा कि देश के लोकतंत्र को सबसे बड़ा खतरा कांग्रेस और उसके इंडी गठबंधन से ही रहा है।
- आपातकाल का जिक्र: सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने अपने स्वार्थ के लिए देश में इमरजेंसी थोपी, गैर-कांग्रेसी नेताओं को जेलों में डाला और मीडिया की स्वतंत्रता को कुचलने का काम किया।
- धारा 356 का दुरुपयोग: उन्होंने आरोप लगाया कि अतीत में चुनी हुई सरकारों को गिराने के लिए धारा 356 का बेजा इस्तेमाल किया गया।
- दोहरे मापदंड: मुख्यमंत्री ने कहा कि जब कांग्रेस चुनाव हारती है तो संवैधानिक संस्थाओं पर ठीकरा फोड़ती है और जीतती है तो अपनी जीत मानती है। ऐसे में कांग्रेस का लोकतंत्र की बात करना हास्यास्पद लगता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से ही यह पदयात्रा निकाली जा रही है, ताकि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की जा सके।