लोहे की सीढ़ी ले जा रहा था शख्स, अचानक ऊपर से गिरी ‘मौत’, तड़पकर तोड़ा दम

उत्तर प्रदेश के मथुरा से डरा देने वाला मामला सामने आया है. यहां के थाना बरसाना क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो युवक गंभीर रूप से झुलस गए जिनमें एक युवक की मौके पर मौत हो गई. वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल है. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना का दिल दहला देने वाला सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है. 

वीडियो में दिख रहा है कि दो युवक लोहे की बड़ी सीढ़ी लेकर जा रहे हैं, तभी वो ऊपर लगे हाईटेंशन तार से टकरा जाती है. सीढ़ी के करंट की चपेट में आने से उसे पकड़कर जा रहा एक युवक जमीन में गिरकर तड़पने लगता है, जबकि दूसरा लोहे से चिपक गया.

दरअसल, मथुरा के थाना बरसाना क्षेत्र के गांव सहार में नन्दकिशोर के मकान का कंस्ट्रक्शन चल रहा था. मकान के कंस्ट्रक्शन में गांव का रहना वाला युवक राजूउद्दीन मजदूरी का काम कर रहा था. इस बीच यहां सीढ़ी की जरूरत पड़ी तो राजूउद्दीन मकान मालिक के साथ सीढ़ी उठाने चला गया.

रास्ते में लोहे की सीढ़ी हाईटेंशन तारों से छू गई और दर्दनाक हादसा हो गया. घटनास्थल पर ही मजदूर राजूउद्दीन की मौत हो गई. वहीं, मकान मालिक नंदकिशोर की हालत गंभीर बनी हुई है.

बता दें कि दो सप्ताह पहले कन्नौज जिले के गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन टूटकर कई घरों पर गिर गई थी. इस दौरान दो दर्जन से अधिक लोग करंट की चपेट में आ गए. घायलों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल थे, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. लोगों का कहना है कि बारिश और तेज हवाओं के बीच ये हादसा हुआ. आग के शोले जैसे दिखने लगे. घरों में करंट दौड़ गया. जब तार टूटकर गिरा तो मंजर बड़ा भयावह था. चारों तरफ अफरा तफरी का माहौल बन गया था. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *