दिल्ली गैस चेंबर में तब्दील! ठंड, पलूशन और कोहरे का ट्रिपल अटैक; जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट

दिल्ली में ठंड अब असर दिखाने लगी है। साथ ही प्रदूषण के चलते हालात भी खराब होते जा रहे हैं। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली अगले तीन दिन ठंड के साथ पलूशन और कोहरे का ट्रिपल अटैक देखेगी। IMD ने दिल्ली एनसीआर के इलाकों में सुबह के वक्त घना कोहरा जबकि शाम और रात के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाने का ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। इस बीच दिल्ली गैस चैंबर में तब्दील होती नजर आ रही है। दिल्ली में ग्रैप-4 की पाबंदिया लागू होने के बावजूद पलूशन से हालात खराब हो गए हैं। आलम यह कि कुछ इलाकों में एक्यूआई 500 पहुंच चुका है।

मौसम विभाग ने दिल्ली में उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने का पूर्वानुमान जारी किया है। इससे ठंड बढ़ने के आसार हैं लेकिन हवा की स्पीड कम होने से पलूशन से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। मौसम विभाग ने 18 नवंबर की रात के दौरान मध्यम कोहरा छाए रहने का यलो अलर्ट जबकि 19 नवंबर को सुबह के वक्त घना कोहरा और रात में मध्यम कोहरा छाया रहने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने 20 और 21 नवंबर को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान जताया है। इन दो तारीखों पर भी IMD की ओर से मौसम खराब रहने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग की मानें तो 22, 23 और 24 नवंबर को भी दिल्ली में सुबह और रात के वक्त कोहरा देखा जाएगा लेकिन इसकी तीव्रता हल्का से मध्यम रहने का अनुमान है। हालांकि इसको लेकर किसी प्रकार का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। तापमान की बात करें तो 18 से लेकर 20 नवंबर तक अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 22 से 24 नवंबर के बीच इसमें थोड़ी बढ़ोतरी देखी जा सकती है। वहीं इस पूरे हफ्ते न्यूनतम तापमान 15 से 13 डिग्री सेल्सियस देखा जा सकता है। इस हफ्ते हवा की स्पीड तेज नहीं रहेगी जिससे लोगों को गंभीर पलूशन का सामना करना पड़ सकता है।

इस बीच दिल्ली में हवा गुणवत्ता सोमवार को अत्यधिक गंभीर श्रेणी में पहुंच गई। घनी विषैली धुंध के कारण सफदरजंग में दृश्यता 150 मीटर रही। सीपीसीबी के अनुसार, सुबह आठ बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 484 अंक रिकॉर्ड किया गया। इस बीच दिल्ली में ग्रैप-4 के तहत प्रतिबंध लागू कर दिए गए हैं। इनके तहत स्वच्छ ईंधन (एलएनजी/सीएनजी/बीएस-6 डीजल/इलेक्ट्रिक) से चलने वाले ट्रकों को छोड़कर दूसरे ट्रकों को दिल्ली में दाखिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। दिल्ली के बाहर रजिस्टर्ड गैर-जरूरी हल्के कॉमशियल वाहनों पर भी प्रतिबंध लागू रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *