खैरागढ़ खाद बुकिंग ऐप प्रणाली के तहत जिले के किसानों को रासायनिक खाद की उपलब्धता आसान बनाने और वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए नई डिजिटल व्यवस्था लागू की गई है। केंद्र और राज्य सरकार की इस व्यवस्था के अंतर्गत किसान अब फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल (Framework For Fertilizer Sale) मोबाइल ऐप के जरिए खाद की बुकिंग कर सकेंगे और बुकिंग के बाद जारी टोकन के आधार पर संबंधित बिक्री केंद्र से उर्वरक प्राप्त कर पाएंगे।
रकबे और फसल के अनुसार मिलेगा उर्वरक
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल तथा उपसंचालक कृषि चित्रांगद कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में कृषि विभाग द्वारा जिले में इस व्यवस्था का प्रचार-प्रसार और क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसके तहत शासकीय एवं निजी उर्वरक विक्रेताओं के माध्यम से खाद का वितरण किया जा रहा है। किसानों को उनके भूमि रकबे और इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर द्वारा फसल के अनुसार की गई उर्वरक अनुशंसा के आधार पर खाद मिलेगी, जिससे असंतुलित उर्वरक उपयोग और अतिरिक्त खर्च से बचाव हो सकेगा।
2259 किसानों को हो चुका है वितरण, बाजार अतरिया में प्रशिक्षण
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल मोबाइल ऐप के जरिए जिले के 2259 किसानों को उनकी फसल के आधार पर खाद वितरित किया जा चुका है। नई प्रणाली के सुचारू संचालन के लिए किसानों, उर्वरक विक्रेताओं और समिति प्रबंधकों को मास्टर ट्रेनर्स के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इसी कड़ी में उपसंचालक कृषि चित्रांगद कुमार ठाकुर और अनुविभागीय कृषि अधिकारी खैरागढ़ ने सेवा सहकारी समिति मर्यादित बाजार अतरिया में टोकन जारी करने व वितरण व्यवस्था को लेकर किसानों को प्रशिक्षित किया। इस दौरान समिति प्रबंधक अतरिया सहित अन्य किसान मौजूद रहे।
समस्या होने पर जारी किए गए हेल्प डेस्क नंबर
टोकन व्यवस्था या खाद वितरण से जुड़ी किसी भी परेशानी के समाधान के लिए कृषि विभाग ने जिला स्तर पर हेल्प डेस्क नंबर 8236007377 और 9685053837 जारी किए हैं। किसान किसी भी दिक्कत की स्थिति में इन नंबरों या विभाग से संपर्क कर सकते हैं।
ऐप पर पंजीयन के बाद मिलेगी यह सुविधा
कृषि विभाग के मुताबिक, किसानों को गूगल प्ले स्टोर से Framework For Fertilizer Sale ऐप डाउनलोड कर पंजीयन कराना होगा। पंजीयन के बाद आवश्यकतानुसार खाद बुक की जा सकेगी और बुकिंग पूर्ण होने पर मोबाइल पर टोकन जारी होगा, जिसके आधार पर बिक्री केंद्र से खाद उपलब्ध होगी।
डिजिटल टोकन प्रणाली से किसानों को केंद्रों पर अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिलने के साथ वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित हो रही है।