सबसे बड़े मुस्लिम देश इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो अमेरिका दौर पर वॉशिंगटन पहुंचे हैं। मंगलवार को ही उनकी और राष्ट्रपति जो बाइडेन की मुलाकात होनी है। उन्होंने नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भी जीत की बधाई दी है। पिछले महीने राष्ट्रपति की जिम्मेदारी संभालन के बाद वह सबसे पहले चीन की यात्रा पर गए थे। इसके बाद जब उनकी बात डोनाल्ड ट्रंप से हुई तो उन्होंने साफ कह दिया था कि किसी की तरफ झुकने की राजनीति वह नहीं करेंगे।
सुबियांतो ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें उन्होंने कहा, अगर संभव हुआ तो मैं खुद आपको फोन करूंगा। आप जहां भी होंगे मैं पहुंचूंगा और मिलकर आपको बधाई दूंगा। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। डोनाल्ड ट्रंप ने उन्हें जवाब दिया, आप जब चाहें मिलें, हम तैयार हैं। उन्होंने अपनी जीत को लेकर भी खुशी जाहिर की। ट्रंप ने कहा, यह बड़ी सफलता है। पिछले 100 साल में यह बड़ी जीत है।
प्रबोवो सुबियांतो ने डोनाल्ड ट्रंप पर हुए हमलों के लेकर हैरानी जताई। उन्होंने कहा कि गनीमत है कि आपकी जान बच गई। इसपर ट्रंप ने कहा, हां मैं बड़ा भाग्यशाली था। मैं सही जगह था और सही दिशा में था नहीं तो आज मैं आपसे बात ना कर रहा होता।