सुलतानपुर में डीएपी, यूरिया खाद, किसानों की धान खरीद व नहरों में पानी न छोड़े जाने आदि समस्याओं को लेकर बुधवार को कांग्रेसियों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कोतवाल की कांग्रेसियों से बहस हो गई। कोतवाल ने आपा खो दिया। कोतवाल ने खुद की वर्दी फाड़ दी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा के नेतृत्व व शहर अध्यक्ष शकील अंसारी की उपस्थिति में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर पहुंच गए। जहां आक्रोशित कांग्रेसियों को रोकने के लिए सीओ नगर, एसडीएम सदर एसडीएम सिटी भारी पुलिस बल के साथ कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर तैनात थे। कांग्रेसियों की नगर कोतवाल से झड़प हुई। गुस्से में आकर नगर कोतवाल ने वर्दी फाड़ दी।
कांग्रेसियों ने राज्यपाल को सम्बोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट टीपी सिंह को सौंपा। आक्रोशित कांग्रेसी जब कलेक्ट्रेट के गेट पर पहुंचे तो पुलिस प्रशासन और कांग्रेसियों के बीच तीखी नोकझोक हुई। हालांकि कांग्रेसी जिला अधिकारी कृतिका ज्योत्सना को ज्ञापन देने की जिद पर अड़े थे। एसडीएम सदर विपिन कुमार द्विवेदी व सीओ सिटी प्रशांत सिंह आदि प्रशासनिक अफसर ज्ञापन लेने के लिए पहुंचे। लेकिन कांग्रेसियों ने मना कर दिया। उसके बाद अतिरिक्त मजिस्ट्रेट टीपी सिंह को कांग्रेसियों ने राज्यपाल को संबोधित नौ सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि जनपद के किसानों को सस्ती दर पर डीएपी यूरिया खाद व रबी फसल की बुआई के लिए उन्नत बीज उपलब्ध कराया जाए। जिससे किसान समय बध्य तरीके से अपने फसल की बुआई कर सके। जनपद के सभी नहरों व माईनरों में पानी टेल तक पहुंचाया जाए। जिससे किसानों की फसल बर्बाद न हो। धान क्रय केन्द्रो पर बिचौलियों की संलिप्तता समाप्त कर सीधा किसानों से धान क्रय किया जाना सुनिश्चित करें।