यूपी के संविदा बस ड्राइवर-कंडक्टरों के लिए राहत की खबर, एक करोड़ का बीमा होगा

यूपी राज्य सड़क परिवहन निगम में संविदा पर तैनात कर्मियों के लिए राहत की खबर है। निगम प्रशासन अपने संविदा चालक-परिचालक के लिए नई बीमा पॉलिसी ले रहा है। इसमें ड्राइवर और कंडक्टर का एक करोड़ रुपये का बीमा होगा। बस हादसे या ड्यूटी के दौरान संविदा चालक या परिचालक मृत्यु होने पर परिजनों को एक करोड़ मिलेंगे। दुर्घटना में मृतक आश्रित के बेटे की शिक्षा और बेटी की शादी के लिए 10-10 लाख बीमा का लाभ दिया जाएगा।

इस संबंध में पांच बैंकों ने अपने प्रस्ताव निगम की मांग पर सौंपे हैं। इनमें वेतन खाता खुलवाने संविदा कर्मियों के साथ ही नियमित कर्मियों को भी बीमा का लाभ दिया जाएगा। रोडवेज में 32 हजार संविदा चालक-परिचालक हैं। अभी तक बस हादसे या ड्यूटी के दौरान मृत्यु होने पर पांच लाख रुपये बीमा का लाभ मिलता है। नई योजना में परिजनों को एक करोड़ मिलेंगे। यह प्लान एक जनवरी 2025 से पांच वर्ष के लिए लागू करने की तैयारी है। परिवहन निगम के एमडी मासूम अली सरवर ने बैंकों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करके इस प्लान को लागू करने की मंजूरी दे दी है। जल्द ही परिवहन मंत्री के सामने बैंकों के प्रस्ताव रखकर इस योजना को लागू कराने के लिए मुहर लगाएंगे।

जीएम/पीआरओ -अजीत कुमार सिंह ने बताया कि संविदा चालक-परिचालकों के लिए ग्रुप टर्म पॉलिसी के तहत बीमा होगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा एक और बीमा पॉलिसी पर विचार किया जा रहा है, जो एक करोड़ रुपये की होगी। इस संबंध में अंतिम निर्णय परिवहन मंत्री की ओर से लिया जाएगा।

परिवहन निगम संविदा चालक और परिचालकों के लिए वर्तमान में ग्रुप बीमा कराने जा रहा है। इसके तहत किसी हादसे में संविदा कर्मी की मौत होने पर पांच लाख रुपये मिलेंगे। इस संबंध में बीते नौ अक्तूबर को टेंडर जारी किया गया था। इस सुविधा मिलने के बाद संविदा चालकों और परिचालकों को काफी राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *