हरियाणा के पलवल के मुंड कटी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह घने कोहरे के कारण बड़ा हादसा हो गया। दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव सराय के पास पांच वाहन आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में बस सहित अन्य वाहनों में सवार दर्जन भर से ज्यादा लोग घायल हो गए। हादसा सुबह करीब साढ़े आठ बजे हुआ।
घायलों में बल्लभगढ़ की पर्वतीय कॉलोनी के रहने वाले शमीम की हालत गंभीर बताई जा रही है। शमीम मथुरा स्थित एक कॉलेज में पढ़ता है। घायलों में अधिकतर लोग बस के यात्री थे, जो अलग-अलग जगहों की ओर जा रहे थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही एंबुलेंस और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य शुरू किया।
सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि घने कोहरे के कारण वाहन चालकों को सड़क पर ठीक से दिखाई नहीं दे रहा था, जिससे टक्करें हुईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसा इतना भयानक था कि कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कोहरे के मौसम में वाहन सावधानी से चलाएं और गति पर नियंत्रण रखें। घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।