जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार को बंतलाब इलाके में बड़ा हादसा हआ। एक पेट्रोल पंप के पास पुल गिरने से कई मजदूर मलबे में दब गए। इस हादसे में 3 मजदूरों की मौत हो गई और एक मजदूर घायल है। हादसे के समय मौके पर 6 मजदूर काम कर रहे थे। इनमें से दो अपनी जान बचाने में कामयाब रहे, लेकिन बाकि 4 लोग मलबे में दब गए थे।
यह घटना उस समय हुई जब मजदूर पुल की दीवार की मरम्मत का काम कर रहे थे। पिछले साल बाढ़ में यह दीवार क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसे सुधारा जा रहा था। लेकिन इसी दौरान पुल का हिस्सा टूट गया और वहां मौजूद सभी मजदूर मलबे में दब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस राज्य आपदा मोचन बल (SDRF)और सेना मौके पर पहुंची और मजदूरों को बचाने में जुट गई। हालांकि, कि इस हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई और केवल एक ही मजदूर को जीवित निकाल पाने में सफलता हासिल हुई।
इस हादसे पर जम्मू और कश्मीर डिप्टी CM सुरिंदर कुमार चौधरी ने दुख जताया। डिप्टी सीएम सुरिंदर कुमार ने कहा, मज़दूर दिवस पर एक बड़ी घटना हुई, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई। भगवान का शुक्र है कि सिर्फ़ एक व्यक्ति बच पाया। और इतनी बड़ी घटना 6 मीटर ऊंचे पुलिया पर हुई।
डिप्टी CM ने चूक का हवाला देते हुए कहा कि यह बहुत दुख की बात है। और कहीं न कहीं कुछ चूक हुई है। चाहे वह IPWD विभाग हो या PHE विभाग। उन्होंने पाइपों की मरम्मत नहीं की। अब, यह एक-दूसरे पर दोष मढ़ने का खेल बन गया है। लेकिन एक बात यह है कि मैं बहुत दुखी हूं, बहुत निराश हूं कि इन लोगों ने अपनी जान गंवा दी, जिनकी इसमें कोई गलती नहीं थी।