एंट्री कराने के नाम पर जमा की लोगों की पासबुक, खातों से 50 लाख लेकर फरार हुआ पोस्टमास्टर

ओडिशा के जाजपुर जिले में एक पोस्टमास्टर कथित तौर पर जमाकर्ताओं के लगभग 50 लाख रुपये का दुरुपयोग करने के बाद से फरार है. एक अधिकारी ने ये जानकारी दी है. यहां कुआनालो डाकघर के पोस्टमास्टर कोडानाधारा बोइताई ने कथित तौर पर 50 से अधिक जमाकर्ताओं के बचत खाते से लगभग 50 लाख रुपये निकाल लिए और 23 अक्टूबर से फरार हैं.  

सोमवार को जमाकर्ताओं ने अपने पैसे वापस मांगने के लिए जाजपुर शहर में सहायक डाकघर अधीक्षक का घेराव किया. इस पूरी जालसाजी का खुलासा तब हुआ जब एक महिला जमाकर्ता सबितरानी दास  कुआनालो डाकघर में अपने खाते से पैसे निकालने आई.

सबितरानी दास ने कहा- ‘पोस्टमास्टर ने सितंबर में पासबुक में क्वार्टरली एंट्री की दलील पर मेरे साथ कई जमाकर्ताओं की पासबुक अपने पास रख ली थीं. तब से पासबुक उनके पास हैं. जब मैं अपने खाते से पैसे निकालने गई तो उन्होंने मुझे बाद में आने के लिए कहा. उन्होंने कहा  कि सभी पासबुक इंटरेस्ट कैलकुलेशन के लिए जाजपुर मुख्य डाकघर को भेज दी गई हैं.’

जाजपुर डाक मंडल के सहायक अधीक्षक हरिशंकर सुबुद्धि ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में जमा किए गए पैसे को पोस्टमास्टर ने निकाल लिया है. हमें पिछले महीने घटना के बारे में पता चला. घटना की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है. दोषी अधिकारियों के खिलाफ कानून के मुताबिक कड़ी कार्रवाई की जाएगी.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *