71 रुपये से भी नीचे आए ओला इलेक्ट्रिक के शेयर, कंपनी को हुआ है 495 करोड़ रुपये का घाटा

ओला इलेक्ट्रिक के शेयर 71 रुपये से भी नीचे आ गए हैं। ओला इलेक्ट्रिक के शेयर सोमवार 11 नवंबर को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में 3 पर्सेंट की गिरावट के साथ 70.54 रुपये पर पहुंच गए। कंपनी के शेयर अपने 52 हफ्ते के नए निचले स्तर पर जा पहुंचे हैं। ओला इलेक्ट्रिक अभी घाटे में बनी हुई है। इलेक्ट्रिक व्हीकल्स बनाने वाली कंपनी ओला इलेक्ट्रिक को चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में 495 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है। हालांकि, पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले कंपनी का नुकसान घटा है। पिछले वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में कंपनी को 524 करोड़ रुपये का लॉस हुआ था। वहीं, जून 2024 तिमाही में कंपनी को 347 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था।


ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric) का रेवेन्यू चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 39.1 पर्सेंट बढ़ा है। सितंबर 2024 तिमाही में ओला इलेक्ट्रिक का रेवेन्यू 1214 करोड़ रुपये रहा है। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी का रेवेन्यू 873 करोड़ रुपये था। जुलाई-सितंबर 2024 तिमाही में कंपनी का ग्रॉस मार्जिन 20.3 पर्सेंट रहा है। ओला इलेक्ट्रिक ने चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही के दौरान 98,619 यूनिट्स की डिलीवरी की है। पिछले की समान अवधि के मुकाबले इसमें 73.6 पर्सेंट की ग्रोथ देखने को मिली है।


ओला इलेक्ट्रिक के आईपीओ में शेयर का दाम 76 रुपये था। कंपनी का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 2 अगस्त 2024 को खुला था और यह 6 अगस्त तक ओपन रहा। कंपनी के शेयर 9 अगस्त को बीएसई में 75.99 रुपये पर लिस्ट हुए। लिस्टिंग वाले दिन ही कंपनी के शेयर तेजी के साथ 91.18 रुपये पर बंद हुए। लिस्टिंग के बाद कुछ दिन कंपनी के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। ओला इलेक्ट्रिक के शेयर 20 अगस्त 2024 को 157.53 रुपये पर पहुंच गए और 52 हफ्ते का अपना नया हाई बनाया। हालांकि, इधर कंपनी के शेयरों में गिरावट देखने को मिल रही है। ओला इलेक्ट्रिक का आईपीओ टोटल 4.45 गुना सब्सक्राइब हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *