जस्टिन ट्रूडो के देश कनाडा में अक्सर समृद्धि और सामाजिक कल्याण का दंभ भरा जाता रहा है मगर आज गंभीर खाद्य संकट से जूझ रहा है। कनाडा के बड़े शहर टोरंटो में हालात इतने खराब हो गए हैं कि वहां बड़ी मात्रा में लोगों को अपना पेट भरने के लिए फूड बैंकों का सहारा लेना पड़ रहा है। व्हूज हंग्री 2024 रिपोर्ट ने इस समृद्ध माने जाने वाले शहर की असलियत उजागर करते हुए बताया है कि बढ़ती महंगाई, कम वेतन, और आसमान छूती आवास लागतों ने लाखों लोगों को भूख से लड़ने पर मजबूर कर दिया है।
हाल ही में जारी व्हूज हंग्री 2024 रिपोर्ट के अनुसार, शहर में हर दस में से एक व्यक्ति अपनी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने के लिए फूड बैंकों का सहारा ले रहा है। रिपोर्ट बताती है कि अप्रैल 2023 से मार्च 2024 के बीच फूड बैंकों में 3.49 मिलियन लोगों ने मदद ली, जो शहर की कुल आबादी से भी अधिक है। यह आंकड़ा पिछले साल की तुलना में 36% अधिक है, जो हालात की गंभीरता को उजागर करता है।
महंगाई और रोजगार बड़ा संकट
रिपोर्ट के मुताबिक, टोरंटो के 24.9% घराने खाद्य असुरक्षा से जूझ रहे हैं। बढ़ती महंगाई, कम वेतन, और आवास की आसमान छूती कीमतों ने लोगों की आर्थिक स्थिति को कमजोर कर दिया है। नौकरी होने के बावजूद कई परिवार फूड बैंकों पर निर्भर हैं। हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो में एक व्यक्ति ने अपनी मजबूरी साझा करते हुए बताया कि वह बच्चों की जरूरतों को पूरा करने के लिए खुद भूखा रहने पर मजबूर है। उसने कहा, “महीने में केवल 300 डॉलर कमाने पर फूड बैंक ही आखिरी सहारा बनता है।”
रिपोर्ट में यह भी खुलासा हुआ कि भोजन बैंकों में मदद लेने वालों में से 32% लोग वे हैं, जो कनाडा में 10 साल से भी कम समय से रह रहे हैं। इनमें अधिकांश नए प्रवासी हैं, जो बीते दो वर्षों में कनाडा पहुंचे।
ट्रूडो के देश में बिगड़ सकते हैं हालात
रिपोर्ट ने सरकारों से अपील की है कि वे इस संकट का दीर्घकालिक समाधान खोजें। इसमें सस्ते आवास, उचित वेतन, और प्रवासियों के लिए अधिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई है। रिपोर्ट ने सख्त शब्दों में कहा, “हर भोजन बैंक का दौरा सरकार की नीतियों की विफलता को दर्शाता है।” यह खाद्य संकट केवल टोरंटो का नहीं, बल्कि पूरे कनाडा के लिए चेतावनी है। यदि तत्काल कदम नहीं उठाए गए तो ट्रूडो के देश और भी बिगड़ सकते हैं।