Surajpur News: पुलिसकर्मियों पर नशे में धुत होकर मारपीट का गंभीर आरोप; एसपी ऑफिस पहुंचा परिवार, माफी मांगते वीडियो वायरल

सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पुलिस की कार्यशैली एक बार फिर से सवालों के घेरे में आ गई है। जिले में पुलिसकर्मियों पर शराब के नशे में एक युवक और उसकी मां के साथ बेरहमी से मारपीट और बदसलूकी करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगाने सीधे एसपी कार्यालय पहुंच गया है, वहीं इस मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

क्या है पूरा मामला?

यह पूरा मामला सूरजपुर जिले के चंद्रेमेढ़ा गांव का है। पीड़ित युवक विजय दुबे अपनी मां उर्मिला दुबे के साथ एसपी ऑफिस शिकायत लेकर पहुंचा था। विजय का आरोप है कि वह अपने घर से जरही की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में पलमा चौक के पास चेंद्रा चौकी के पुलिसकर्मी वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।

आरोप है कि जब विजय वहां से गुजरा, तो पुलिसकर्मी किसी बात पर उससे उलझ गए। पुलिसकर्मियों ने “तू ज्यादा बोलता है” कहकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी, जिससे उसके हाथों में गंभीर चोटें आई हैं। इतना ही नहीं, बीच-बचाव करने आई उसकी मां के साथ भी शराब के नशे में धुत पुलिसकर्मियों ने बदसलूकी और मारपीट की।

आरोपी पुलिसकर्मी का माफी मांगते वीडियो वायरल

घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है। खास बात यह है कि इस विवाद के बाद आरोपी पुलिसकर्मी खुद पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और उनसे माफी मांगते नजर आए। इसका एक वीडियो भी अब जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मी अपनी गलती मानते हुए दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित परिवार ने इसी वीडियो और सबूतों के साथ एसपी ऑफिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

प्रशासन ने दिए जांच के आदेश

इस गंभीर मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) योगेश कुमार देवांगन ने कहा है कि मामले की पूरी गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बहरहाल, पुलिसकर्मियों द्वारा माफी मांगने का वीडियो सामने आने के बाद से महकमे में खलबली मची हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *