Surajpur News: साप्ताहिक बाजार में हंगामा! चोरी के शक में दो महिलाओं पर टूट पड़ी भीड़, लात-घूंसों से पिटाई का वीडियो वायरल

सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक झकझोर देने वाला वीडियो सामने आया है। जिले के एक साप्ताहिक बाजार में चोरी के आरोप में भीड़ का गुस्सा इस कदर फूटा कि उन्होंने दो महिलाओं के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। घटना का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है।

क्या है पूरा मामला?

यह पूरी घटना सूरजपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बड़कापारा साप्ताहिक बाजार की है। बताया जा रहा है कि बाजार में खरीदारी के दौरान कुछ लोगों ने दो महिलाओं पर मोबाइल और हजारों रुपये चुराने का आरोप लगाया। फिर क्या था, देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई और कानून को अपने हाथ में लेते हुए महिलाओं के साथ बीच बाजार में मारपीट शुरू कर दी।

भीड़ ने बरसाए लात-घूंसों, मची अफरा-तफरी

सामने आए वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कैसे भीड़ ने दोनों महिलाओं को घेर रखा है। गुस्साई भीड़ उन पर लात-घूंसे बरसाते हुए पूछताछ कर रही है। बाजार के बीच हुई इस शर्मनाक घटना ने एक बार फिर से भीड़तंत्र (Mob Rule) और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। साप्ताहिक बाजार जैसी भीड़भाड़ वाली जगह पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण ऐसी हिंसक घटनाएं सामने आ रही हैं।

फिलहाल, इस वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन के पास भी यह मामला पहुंच गया है, और वीडियो के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *