बेंगलुरु के एक प्राइवेट स्कूल में चौंकाने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि यहां पर एक स्कूल में टीचर ने बच्चे को इतनी जोर से मारा कि उसका दांत टूट गया। यह बच्चा छठवीं क्लास का छात्र है। जानकारी के मुताबिक क्लास में कुछ बच्चे खेल रहे थे। वह एक-दूसरे के ऊपर बॉटल से पानी फेंक रहे थे। इसी दौरान हिंदी टीचर अजमत वहां से गुजर रही थी। पानी की कुछ बूंदें उनके ऊपर गिर पड़ीं। बताया जाता है कि इस बात से नाराज हिंदी टीचर ने लकड़ी के डंडे से उसकी पिटाई कर दी। इसी दौरान बच्चे का दांत टूट गया। बच्चे के पैरेंट्स का कहना है कि पिछले साल उनकी बेटी को इसी स्कूल में पीटा गया था। इससे उसका एक हाथ कई दिन तक सूज गया था।
घटना गुरुवार दोपहर होली क्राइस्ट इंग्लिश स्कूल, जयानगर ब्लॉक 4 में हुई। पुलिस ने घटना में टीचर का बयान दर्ज करा लिया है। स्कूल टीचर अजमत का कहना है कि वह मामले में बच्चे के पैरेंट्स के खिलाफ फीस को लेकर मारपीट का केस दर्ज कराना चाहती थी। बच्चे के माता-पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक इन धाराओं में सात साल से अधिक की जेल नहीं हो सकती। इसलिए उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता।
स्कूल के पिता ने दावा किया कि इसी स्कूल में पिछले साल उनकी बेटी के साथ भी ऐसा ही वाकया हुआ था। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक तब स्कूल में उनकी छह साल की बेटी को पीटा गया था, इससे उसका हाथ सूज गया था। पिता ने बताया कि जब इस मामले में स्कूल के अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने माफी मांगी और माफीनामा भी लिखा था। लेकिन अब फिर उन्होंने मेरे बेटे को मारा और उसका दांत तोड़ दिया। उन्होंने कहाकि इस बार भी स्कूल के अधिकारियों ने माफी मांगी। वहीं, टीचर अलग-अलग बयान दे रहे हैं।
घटना को लेकर स्कूल प्रशासन की प्रमुख अर्पिता वीएल ने सभी आरोपों से इनकार किया। उन्होंने कहाकि टीचर की पिटाई से भागने के चक्कर में बच्चे का दांत टूट गया। जब उनसे पूछा गया कि आखिर टीचर क्यों बच्चे को मारना चाहती थीं तो वह भड़क गईं। स्कूल प्रशासन प्रमुख ने कहाकि लोग हमसे क्यों सवाल पूछ रहे हैं। अगर बच्चे गलत करें तो क्या उस पर प्रतिक्रिया भी नहीं दे सकते?