बिहार के रोहतास में नासरीगंज थाना क्षेत्र के सबादला बाबा बालू घाट और जय मां तरणी बालू घाट में रविवार की रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। आरोपितों की ओर से घाट में प्रवेश कर अंधाधुंध फायरिंग की गयी। हालांकि गोलीबारी में बालू घाट पर कार्यरत सभी कर्मी बाल-बाल बच गए। यह वारदात रविवार की रात करीब साढ़े दस बजे की है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने गोलीबारी में प्रयुक्त देसी कट्टा भी बरामद कर लिया है। छानबीन के दौरान घटनास्थल से पुलिस को तीन खोखे मिले हैं। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से एक बड़ा राइफल, एक देसी कार्बाइन, दो कट्टा, 42 जिन्दा कारतूस, छह खोखा, एक 7.65 का खाली मैगजीन तथा 45 हजार नगद रूपये के साथ एक खाली मैगजीन बरामद किए गए हैं। पुलिस बालू माफिया की तलाश में जुट गई है।
एसपी रौशन कुमार ने बताया कि नासरीगंज थानाध्यक्ष को बीती रात सूचना मिली की छह नंबर बाबा बालू घाट बीडी इंटरप्राइजेज में कुछ अज्ञात अपराधकर्मियों के द्वारा फायरिंग करते हुए काउंटर से एक लाख रूपये नगद, मोबाइल एवं लैपटॉप लूट लिया गया है। बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली की काराकाट थाना क्षेत्र के सिकरिया गांव में मनीश कुमार के घर पर भोला यादव एवं गिरोह के कुछ सदस्य मौजूद हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बिक्रमगंज एसडीपीओ कुमार संजय के नेतृत्व में एक टीम की गठन किया गया। जिसमे काराकाट थानाध्यक्ष फूलदेव चौधरी, कच्छवां थानाध्यक्ष मितेश कुमार, नासरीगंज थानाध्यक्ष अमित कुमार सहित अन्य पुलिस बल द्वारा सीसीटीवी फुटेज व प्रत्यक्षदर्शियों के बयान पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी किया गया।
पुलिस की कार्रवाई में दो अपराधकर्मियों को पकड़ा गया जिनकी निशानदेही पर भारी मात्रा में असलहा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा सिकरियां गांव में मनीष कुमार के घर पर छापामारी की गई। पुलिस ने काराकाट थाना क्षेत्र के सिकरिया गांव निवासी रंगबहादुर सिंह के पुत्र मनीष कुमार और सिकरिया गांव के ही उमेश सिंह के पुत्र उदय कुमार उर्फ रंजन कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
एसपी ने बताया कि उदय कुमार उर्फ रंजन कुमार के घर से भोला यादव का एक कार भी बरामद किया गया है। भोला यादव एक कुख्यात अपराधकर्मी है। जिसके गिरोह में मनीष कुमार, उदय कुमार उर्फ रंजन कुमार, दिनेश साह सक्रिय सदस्य हैं। जिनकी संलिप्तता उक्त काण्ड में भी पायी गई है। उक्त काण्ड में संलिप्त भोला यादव और दिनेश साह पुलिस के गिरफ्त से बाहर है। कांड में संलिप्त सभी की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर छापामारी की जा रही है। बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।