दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में अब तेजी से मौसम करवट लेगा। मौसम विभाग की मानें तो 13 नवंबर से अधिकतम तापमान में और गिरावट देखी जाएगी। आने वाले दिनों में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तापमान गिरने के साथ ही धुंध और स्मॉग का डबल अटैक देखा जाएगा। दिल्ली में सुबह के वक्त धुंध तो शाम और रात के वक्त स्मॉग का प्रकोप देखा जाएगा। हालांकि दिन में आसमान साफ रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने उत्तर पश्चिमी भारत में भी कोहरे के अटैक के संकेत दिए हैं। IMD की ओर से जारी ऑल इंडिया वेदर बुलेटिन में कहा गया है कि 10 और 12 नवंबर के दौरान हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में जबकि 10 और 11 नवंबर को उत्तर-पश्चिमी पंजाब में रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में सुबह के वक्त धुंध छाने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में सुबह के वक्त धुंध छाने का 15 नवंबर तक सुबह के वक्त धुंध छाने की संभावना जताई है। वहीं रात को वक्त हवा की स्पीड कम होने के कारण स्मॉग का प्रभाव नजर आ सकता है। हालांकि दिन में हवा की स्पीड अच्छी रहने से मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग की मानें तो 15 नवंबर तक अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के इर्दगिर्द देखा जाएगा।
वहीं न्यूनतम तापमान में 11 नवंबर से गिरावट देखी जाएगी। दिल्ली के साथ ही NCR के इलाकों में 11 नवंबर तक न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। इसके बाद इसमें गिरावट आती जाएगी और यह 16 से 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जाएगा। इस पूरे हफ्ते दिल्ली एनसीआर पर किसी पश्चिमी विक्षोभ के आने की संभावना नहीं है, ऐसे में बारिश नहीं देखी जाएगी।