हिरण पर ऐसा क्या बोले शाहरुख खान जो मिली जान से मारने की धमकी, देखें अंजाम मूवी का वो सीन

शाहरुख खान को जान से मारने की धमकी देने वाला गिरफ्तार हो चुका है। आरोपी मोहम्मद फैजान ने पुलिस पूछताछ में बताया कि शाहरुख खान ने अंजाम फिल्म में हिरन पर ऐसा डायलॉग बोला है जिस पर उसे आपत्ति थी। अंजाम मूवी 1994 में आई थी। इसमें शाहरुख नेगेटिव रोल में थे। माधुरी दीक्षित लीड हिरोइन थीं और वह उनके प्यार में पागल थे। अगर आपको भी याद नहीं कि शाहरुख ने हिरण पर कौन सा आपत्तिजनक डायलॉग बोला था तो यहां देखें।

अंजाम फिल्म में शाहरुख खान ने एक रईसजादे का रोल निभाया है। उनका नाम विजय होता है। उन्हें शिवानी (माधुरी दीक्षित) से प्यार हो जाता है। शिवानी अशोक से शादी कर लेती है तो विजय का दिल टूट जाता है और वह साइको बन जाता है। इस फिल्म में शाहरुख के शौक भी रईसों वाले थे। वह एक रोज हिरण का शिकार करके आते हैं। हाथ में बंदूक लेकर बोलते हैं, ‘बाहर गाड़ी में हिरण पड़ा है तुम लोग पकाकर खा लेना।’ यही डायलॉग मोहम्मद फैजान की नाराजगी की वजह है।

शाहरुख खान को धमकी मोहम्मद फैजान के फोन से मिली। हालांकि पुलिस हिरासत में उसने कहा कि उसका फोन चोरी हो गया था और कोई उसे फंसाने की कोशिश कर रहा है। फैजान ने यह भी बताया कि वह राजस्थान से है और बिश्नोई समाज उसका दोस्त है। उनके धर्म में हिरण की रक्षा करने के लिए कहा जाता है। उसने अंजाम फिल्म में शाहरुख के डायलॉग को लेकर कहा कि अगर मुसलमान हिरण पर आपत्तिजनक बात करता है तो यह ठीक नहीं है। इसलिए मैंने ऐतराज जताया था। उसने यह भी कहा कि अंजाम फिल्म पर बैन लगना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *