राजस्थान के जयपुर से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जहां नशे में धुत एक शख्स रेलवे ट्रैक पर थार के साथ स्टंट करने लगा. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. बताया जा रहा है कि युवक ने किराए पर थार ली थी, जिसे वो रेलवे ट्रैक पर चलाने लगा था. यह घटना तब और गंभीर हो गई जब एक मालगाड़ी के लोको पायलट ने ट्रैक पर एसयूवी को फंसा हुआ देखा और समय रहते ट्रेन रोक दी.
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण ने बताया कि घटना 11 नवंबर की शाम करीब 4 बजे कनकपुरा-धानक्या रेलवे स्टेशनों के बीच हुई. युवक ने जानबूझकर एसयूवी को रेलवे ट्रैक पर चढ़ा दिया, लेकिन गाड़ी ट्रैक के बीच में फंस गई. मालगाड़ी के लोको पायलट ने सतर्कता दिखाते हुए ट्रेन को निश्चित दूरी पर रोक दिया और वॉकी-टॉकी के जरिए रेलवे कर्मचारियों को सूचना दी.
सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल के लोग मौके पर पहुंचे. तब तक युवक एसयूवी को ट्रैक पर छोड़कर फरार हो चुका था. पुलिस ने एसयूवी को जब्त कर लिया है और रेलवे सुरक्षा बल ने रेल अधिनियम की धारा 153, 174, 147 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की पहचान कर ली है.
बिंदायका थाना के अधिकारी भजनलाल ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन युवक पुलिस को चकमा देकर भाग गया. कनकपुरा RPF चौकी ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा.