बालोद: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक दिल दहला देने वाली और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक अचानक अपने घर से निकला और दूसरे गांव पहुंचकर हसिए से अपनी ही गर्दन काट ली। इसके बाद वह खून से लथपथ हालत में काफी देर तक पूरे गांव में घूमता रहा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई और घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
क्या है पूरा मामला?
यह पूरी घटना बालोद जिले के सनौद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बेलोदी गांव की है। घायल युवक की पहचान नरेंद्र रावटे (पिता बालचंद रावटे) के रूप में हुई है, जो भेड़ियानवागांव का रहने वाला है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक सुबह सामान्य तरीके से अपने घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह पड़ोस के गांव बेलोदी पहुंच गया। वहां अचानक उसने हसिए (कृषि कार्य में इस्तेमाल होने वाला हथियार) से अपना गला काट लिया। गले से खून बहने के बाद भी वह खून से लथपथ हालत में गांव की सड़कों पर घूमने लगा, जिसे देखकर स्थानीय लोग सहम गए।
क्यों उठाया ऐसा खौफनाक कदम? सामने आई वजह
घटना की जानकारी मिलते ही हल्दी चौकी प्रभारी लता तिवारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत घायल युवक को अपनी गिरफ्त में लिया और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
परिजनों से पूछताछ में सामने आया है कि नरेंद्र पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से काफी परेशान चल रहा था। वह घर पर अक्सर यह बात कह रहा था कि “कोई उसे मारने के लिए आ रहा है।” आशंका जताई जा रही है कि इसी मानसिक तनाव और डर के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि आखिर युवक के इस प्रकार परेशान होने की असल वजह क्या थी।