छत्तीसगढ़ सड़कों की बदहाली: दीपक बैज और भूपेश बघेल ने सरकार को घेरा, 16 हजार करोड़ के काम रोकने का लगाया आरोप

छत्तीसगढ़ सड़कों की बदहाली को लेकर प्रदेश की सियासत गर्मा गई है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले सहित प्रदेश के प्रमुख मार्गों की जर्जर स्थिति पर कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अलग-अलग बयानों के जरिए बिलासपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे के अधूरे निर्माण, मरम्मत में लापरवाही और स्वीकृत कार्यों को रोकने का गंभीर आरोप लगाया है।

‘टापू बन गया है जीपीएम जिला’: दीपक बैज

पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि बिलासपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे जिले को जोड़ने वाला सबसे अहम मार्ग है, लेकिन ठेकेदार और विभाग की नाकामी से यह पिछले तीन साल से निर्माणाधीन है। जीपीएम जिले के लगभग 80 किलोमीटर लंबे मरवाही मार्ग का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि तीन साल में भी सड़क पूरी नहीं हो सकी है और आज भी इस पर चलने के लिए हिम्मत जुटानी पड़ती है। खराब रास्तों के कारण जीपीएम जिला एक ‘टापू’ जैसा बन गया है।

बैज ने आरोप लगाया कि सड़कों की खस्ताहाल स्थिति केवल जीपीएम तक सीमित नहीं है, बल्कि मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी और गृह जिले जशपुर में भी सड़कें नहीं बन पा रही हैं। सरकार बड़े दावे तो करती है, लेकिन न नई सड़कें बन रही हैं और न ही पुराने गड्ढे भरे जा रहे हैं।

भूपेश बघेल बोले- 16 हजार करोड़ के कार्य रोके गए

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बिलासपुर-गौरेला-पेंड्रा-मरवाही मार्ग और बिलासपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे की स्थिति पर सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शासनकाल में सड़कों के निर्माण के लिए 16,000 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई थी, लेकिन मौजूदा सरकार ने आगे बढ़ने वाले कार्यों को रोक दिया है और नई स्वीकृतियां भी ठप पड़ी हैं।

लोक निर्माण विभाग (PWD) के कामकाज पर तंज कसते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि विभागीय मंत्री अरुण साव केवल बयानबाजी और सक्रियता दिखा रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर काम नहीं होने का खामियाजा आम जनता भुगत रही है।

100 किमी के सफर में लग रहे 4 घंटे से ज्यादा

छत्तीसगढ़ को मध्य प्रदेश से जोड़ने वाला बिलासपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे अंचल की जीवन रेखा माना जाता है, लेकिन तीन साल बाद भी निर्माण अधूरा है और बने हुए हिस्सों की गुणवत्ता भी बेहद कमजोर है। सड़क की बदहाली और रोज लगने वाले जाम के चलते महज 100 किलोमीटर दूर बिलासपुर पहुंचने में 4 घंटे से अधिक समय लग रहा है। इससे व्यापारियों, छात्रों और मरीजों को भारी परेशानी हो रही है। गौरतलब है कि पूर्व में केंद्रीय राज्यमंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने भी इस मार्ग की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कर नया टेंडर जारी करने की बात कही थी, लेकिन अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है।

यह भी पढ़ें

कांकेर आईईडी बरामद मामला: मोरखंडी-हिंदुर के जंगल में मिला 3 किलो का प्रेशर कुकर IED, सुरक्षा बलों ने किया निष्क्रिय

पखांजूर सड़क हादसा: पैदल चल रहे युवक को बस ने रौंदा, 100 मीटर तक घसीटा, चालक बस समेत फरार

छत्तीसगढ़ एनालॉग पनीर कार्रवाई: MP से लाए जा रहे 1500 किलो पनीर के 30 बॉक्स जब्त, खाद्य विभाग ने कराया नष्ट

तखतपुर स्कूल वैन हादसा: बच्चों से भरी वैन को हार्वेस्टर ने मारी टक्कर, 12 से अधिक मासूम बाल-बाल बचे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *