तखतपुर स्कूल वैन हादसा होने से एक बड़ी अनहोनी टल गई है। बिलासपुर जिले के तखतपुर में नया बस स्टैंड के पास मुख्य मार्ग पर 12 से अधिक स्कूली बच्चों को ले जा रही एक वैन को धान कटाई करने वाले हार्वेस्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन गनीमत रही कि वाहन में सवार सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित बच गए।
भाग रहे हार्वेस्टर चालक को लोगों ने दौड़ाकर पकड़ा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के तुरंत बाद पंजाब से धान कटाई के लिए तखतपुर आया हार्वेस्टर चालक मौके पर रुकने के बजाय वाहन लेकर भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि, आसपास मौजूद स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर हार्वेस्टर को रुकवा लिया और चालक को पकड़ लिया। हादसे के बाद मुख्य मार्ग पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
खस्ताहाल वैन और थाने में सूचना न देने पर उठे सवाल
इस घटना के बाद स्कूली बच्चों के परिवहन में बरती जा रही लापरवाही फिर से उजागर हुई है। बताया जा रहा है कि बच्चों को ले जा रही वैन की हालत काफी खस्ताहाल थी। इसके अलावा, इतना बड़ा हादसा होने के बावजूद स्थानीय पुलिस थाने में इसकी कोई आधिकारिक सूचना या रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई, जिससे मामले को दबाने की आशंका भी जताई जा रही है।
अपेक्स स्कूल के प्रबंधक अजय चौहान ने मामले पर सफाई देते हुए कहा कि अभिभावकों ने स्वयं ही बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने के लिए निजी वैन लगवाया है। दुर्घटना की जानकारी मिली है और सभी बच्चे सुरक्षित हैं।
अभिभावकों की बढ़ी चिंता
मुख्य सड़क पर भारी कृषि वाहनों की बेरोकटोक आवाजाही और बिना फिटनेस चल रहे स्कूली वाहनों ने अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस टक्कर में किसी बच्चे को गंभीर चोट लगती तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता। लोगों ने प्रशासन और परिवहन विभाग से ऐसे वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।