बिलासपुर चाकूबाजी घटना ने एक बार फिर शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला स्थित धूरीपारा में पारिवारिक विवाद के चलते साले ने अपने ही जीजा पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस वारदात में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए सिम्स (CIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी साले को गिरफ्तार कर लिया है।
डेढ़ साल पुरानी रंजिश के चलते भड़का विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, धूरीपारा निवासी समीर खान अमूल दूध की गाड़ी चलाने का काम करता है। करीब डेढ़ साल पहले वह मोहल्ले में ही रहने वाली कमलेश्वरी कश्यप उर्फ सनाया को अपने साथ ले गया था और दोनों ने शादी कर ली थी। उस वक्त युवती के नाबालिग होने के कारण समीर को जेल भी जाना पड़ा था। जेल से बाहर आने के बाद से ही दोनों परिवारों के बीच अक्सर तनाव और विवाद की स्थिति बनी रहती थी।
मजार से लौटते समय रास्ते में हुआ खूनी संघर्ष
बताया जा रहा है कि गुरुवार रात समीर अपनी पत्नी के साथ मजार से घर लौट रहा था। तभी रास्ते में उसका सामना पत्नी के भाई ओमप्रकाश कश्यप से हो गया। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। गुस्से में आकर ओमप्रकाश ने समीर पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
वहीं, आरोपी ओमप्रकाश के परिजनों का आरोप है कि चाकूबाजी की घटना से पहले उसके साथ मारपीट की गई थी, जिसके बाद विवाद ने गंभीर रूप ले लिया।
आरोपी गिरफ्तार, तनाव को देखते हुए मोहल्ले में पुलिस तैनात
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में पड़े समीर को तुरंत सिम्स अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी ओमप्रकाश कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पक्षों के बीच आपसी तनाव और विवाद की आशंका को देखते हुए एहतियात के तौर पर मोहल्ले में पुलिस बल तैनात किया गया है।