रायपुर छात्र आत्महत्या मामला सामने आने के बाद राजधानी में सनसनी फैल गई है। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कुशालपुर में किराये के मकान में रहकर NEET की तैयारी कर रहे 17 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
बलौदाबाजार का रहने वाला था मृतक छात्र, हाथ में मिला पत्र
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बलौदाबाजार निवासी श्रेयांश बंजारे (17 वर्ष), पिता हरपाल बंजारे के रूप में हुई है। वह अक्टूबर 2026 से कुशालपुर में किराये के कमरे में रहकर एलेन (Allen) कोचिंग संस्थान में NEET की तैयारी कर रहा था। बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान छात्र के हाथ में एक युवती का पत्र मिला, जिसमें प्रेम संबंध में अधिक उलझने के बजाय अपने करियर और भविष्य पर ध्यान देने की सलाह लिखी थी। हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।

कोचिंग नहीं पहुंचा तो दोस्तों ने किया संपर्क, खिड़की से देखा दृश्य
पुलिस के मुताबिक, छात्र ने मंगलवार देर रात फांसी लगाई होने की आशंका है। बुधवार को जब श्रेयांश कोचिंग नहीं पहुंचा तो उसके दोस्तों ने फोन किया। कॉल रिसीव न होने पर दोस्तों को लगा कि शायद उसकी तबीयत खराब है, जिसके बाद वे कुशालपुर स्थित उसके कमरे पर पहुंचे।
कमरा अंदर से बंद था। दोस्तों ने खिड़की से झांककर देखा तो श्रेयांश का शव पंखे से रस्सी के सहारे लटका मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
दोपहर तक टिफिन लेने नहीं पहुंचा, पिता की मौजूदगी में तोड़ा गया दरवाजा
मकान मालिक के अनुसार, श्रेयांश को दोनों समय टिफिन दिया जाता था और बुधवार दोपहर करीब दो बजे तक वह टिफिन लेने नहीं आया था। दोपहर करीब ढाई बजे पुलिस पहुंची और मृतक के पिता की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया गया, जिसके बाद शव को नीचे उतारा गया।
पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और पत्र से जुड़े पहलुओं के साथ-साथ दोस्तों, मकान मालिक व परिजनों से पूछताछ कर रही है। मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट व जांच के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
यह भी पढ़ें