अंबिकापुर में सनसनी: घर के आंगन में लहूलुहान मिली राजमिस्त्री की लाश, कमरे में बिखरा था खून और सामान; हत्या की आशंका

अंबिकापुर (सरगुजा): छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। लखनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव में पेशे से राजमिस्त्री युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका खून से लथपथ शव घर के आंगन में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है।

जानिए क्या है पूरा मामला?

यह पूरी घटना सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के रजपुरी कला गांव के टिकरापारा की है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 40 वर्षीय अंगत चौधरी (पिता घूर साय) के रूप में हुई है, जो इलाके में राजमिस्त्री का काम करता था। शुरुआती जानकारी में यह बात सामने आई है कि अंगत अपने घर में अकेला ही रहता था।

घर के आंगन में मिला खून से सना शव

मंगलवार सुबह करीब 8 बजे जब आसपास के लोगों ने अंगत को देखा, तो उसके होश उड़ गए। अंगत का शव उसके ही घर के आंगन में खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था। सिर्फ आंगन ही नहीं, बल्कि उसके कमरे के अंदर भी खून के कई छींटे और सारा सामान अस्त-व्यस्त बिखरा हुआ मिला। इस खौफनाक मंजर को देखकर परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसकी बेरहमी से हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड के साथ जांच में जुटी पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। खबर मिलते ही लखनपुर थाना पुलिस के साथ-साथ फॉरेंसिक (FSL) विशेषज्ञों और डॉग स्क्वायड की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की त्कीकात कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिस जांच के आगे बढ़ने के बाद ही मौत के असली कारणों और इस पूरी घटना की सच्चाई का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *