कांकेर धान खरीदी केंद्र चांदीपुर पी.व्ही. 28 में पुराने बारदानों के गायब होने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। उत्तर बस्तर कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र अंतर्गत आने वाले इस केंद्र में स्टॉक जांच के दौरान 200 नग बारदाने कम पाए गए। चौंकाने वाली बात यह रही कि पूछताछ में जिस व्यक्ति को बारदाने देने की बात कही गई, जांच टीम को उसके घर से एक भी बोरा बरामद नहीं हुआ।
रात में बारदाने बाहर निकालने की सूचना पर हुई पड़ताल
मिली जानकारी के मुताबिक, 18 नवंबर की रात करीब 8 बजे केंद्र से पुराने बारदाने बाहर भेजे जाने की शिकायत ग्रामीणों को मिली थी। सूचना मिलते ही ग्रामीण और स्थानीय मीडिया प्रतिनिधि केंद्र पर पहुंचे। मौके पर बारदानों की गिनती और मिलान करने पर 200 नग बारदाने कम पाए गए, जिसके बाद विधिवत पंचनामा तैयार किया गया।
बताए गए पते पर खाली हाथ लौटी जांच टीम
पंचनामा के दौरान श्यामल विश्वास ने 200 नग बारदाने परिमल को देने की बात कही थी। इस बयान की पुष्टि करने के लिए जब LAMPS मैनेजर, विभागीय अधिकारी और मीडिया की टीम परिमल के घर पहुंची, तो वहां एक भी सरकारी बारदाना नहीं मिला। घर पर बोरे न मिलने से पूरे घटनाक्रम पर संदेह और गहरा गया है।
विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि श्यामल विश्वास को बारदाना वितरण या केंद्र से बाहर भेजने की कोई आधिकारिक जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई थी।
बयानों में विरोधाभास, निष्पक्ष जांच की मांग तेज
प्रकरण में पखांजूर LAMPS मैनेजर, श्यामल विश्वास और परिमल के अलग-अलग बयान सामने आने के बाद कई अनुत्तरित सवाल खड़े हो गए हैं। बिना अनुमति के सरकारी संपत्ति केंद्र से बाहर कैसे निकली और 200 बारदाने कहां खपाए गए, इसे लेकर ग्रामीणों ने उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें
कवर्धा में धान खरीदी शुरू होते ही प्रशासन का बड़ा एक्शन, ट्रक समेत 300 क्विंटल अवैध धान जब्त
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की धमाकेदार शुरुआत, बालोद जिला बना मिसाल