छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में शर्मनाक वाकया: क्लासरूम में महुआ शराब गटकते सहायक शिक्षक का वीडियो वायरल, बीईओ ने थमाया नोटिस

गरियाबंद: शिक्षा के मंदिर कहे जाने वाले स्कूलों से अक्सर हैरान करने वाली तस्वीरें सामने आती रहती हैं। ताजा मामला गरियाबंद जिले के मैनपुर ब्लॉक से जुड़ा है, जहां एक प्राइमरी स्कूल के अंदर शिक्षक महोदय द्वारा शराब पीने का मामला सामने आया है। कक्षा के भीतर महुआ शराब गटकते हुए सहायक शिक्षक का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया, जिसके बाद शिक्षा विभाग ने त्वरित एक्शन लेते हुए आरोपी शिक्षक को कारण बताओ (शो कॉज) नोटिस जारी किया है।

क्या है पूरा मामला?

यह पूरा घटनाक्रम मैनपुर क्षेत्र के भाटापानी पंचायत के अंतर्गत आने वाले आश्रित गांव कमारपारा प्राथमिक स्कूल का है। यहां पदस्थ सहायक शिक्षक सतीश कुमार का एक वीडियो इन दिनों इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वायरल वीडियो में शिक्षक महोदय क्लासरूम के अंदर ही नशे की हालत में नजर आ रहे हैं और उनके पास शराब की बोतल भी साफ-साफ दिखाई दे रही है। बच्चों के भविष्य को गढ़ने वाली जगह पर इस तरह का कृत्य सामने आने के बाद इलाके के लोगों में भारी आक्रोश है।

लगातार सामने आ रहे ऐसे मामले, मॉनिटरिंग पर उठ रहे सवाल

वीडियो वायरल होने और प्रशासनिक दबाव बढ़ने के बाद बीईओ (विकास खंड शिक्षा अधिकारी) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सहायक शिक्षक सतीश कुमार को नोटिस थमा दिया है और जवाब तलब किया है।

देखे वीडियो

गौरतलब है कि मैनपुर के इन अंदरूनी ग्रामीण इलाकों से इस तरह की घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं। महज दो महीने पहले भी इसी ब्लॉक के एक अन्य स्कूल के कमरे में बैठकर शराब पार्टी करने का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद संबंधित शिक्षकों पर निलंबन की गाज गिरी थी। हालांकि, बार-बार दोहराई जा रही ऐसी घटनाओं ने स्थानीय शिक्षा विभाग की मॉनिटरिंग और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *