जांजगीर में ‘गोरिल्ला वार’ तकनीक से पुलिस की ताबड़तोड़ रेड: सूने मकान में जुआ खेल रहे 9 नामी कारोबारी गिरफ्तार, 4.28 लाख कैश ज़ब्त

जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले में पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ एक बेहद फिल्मी और अनोखे अंदाज में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने ‘गोरिल्ला वार टेक्निक’ (छापामार रणनीति) का इस्तेमाल करते हुए बनारी गांव के एक सूने मकान में दबिश दी और ताश के पत्तों पर लाखों रुपए का दांव लगा रहे शहर के 9 बड़े कारोबारियों को रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपियों के पास से पुलिस ने 4 लाख 28 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं।

पुलिस ने अपनाई ‘गोरिल्ला वार’ रणनीति, जवानों के फोन भी कराए बंद

ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर अवैध जुआ संचालित होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इस पर सख्ती दिखाते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीएसपी योगिता खापर्डे के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस और रिस्पॉन्स टीम की एक स्पेशल ज्वाइंट टीम बनाई गई।

कार्रवाई की गोपनीयता (Secrecy) इतनी कड़ी रखी गई कि रेड में शामिल सभी पुलिसकर्मियों और जवानों के मोबाइल फोन तक बंद करवा दिए गए थे। इसके बाद पूरी योजनाबद्ध तरीके से ‘गोरिल्ला वार टेक्निक’ का उपयोग कर पुलिस ने बनारी के एक सूने मकान को चारों तरफ से घेर लिया और अचानक छापा मारकर सभी जुआरियों को धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का जुलूस भी निकाला और उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

शहर के जाने-माने कारोबारी और रईसजादे शामिल

उप पुलिस अधीक्षक (DSP) डॉ. यूलैण्डन यार्क ने जानकारी देते हुए बताया कि पकड़े गए सभी 9 आरोपी जांजगीर और नैला क्षेत्र के नामी-गिरामी और रसूखदार लोग व कारोबारी हैं। इन सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम:

  1. भैरव मिश्रा (निवासी – जांजगीर)
  2. अखिलेश राठौर (निवासी – जांजगीर)
  3. राम नारायण राठौर (निवासी – जांजगीर)
  4. धीरज पाठक (निवासी – जांजगीर)
  5. राहुल बजाज (निवासी – जांजगीर)
  6. अविनाश राठौर (निवासी – जांजगीर)
  7. मुकेश बजाज (निवासी – जांजगीर)
  8. कृष्ण कुमार चंद (निवासी – जांजगीर)
  9. तालिब खान (निवासी – नैला)

पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों और जुआ-सट्टे के खिलाफ इस तरह का सख्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *