धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में आस्था, परंपरा और अनोखे विश्वास का एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। गंगरेल स्थित प्रसिद्ध मां अंगारमोती के दरबार में अपनी सूनी गोद भरने की मन्नत लेकर सैकड़ों महिलाएं पहुंचीं। यहां सदियों से चली आ रही ‘परण प्रथा’ के तहत महिलाओं ने संतान सुख की कामना के साथ आस्था की अनूठी मिसाल पेश की।
गंगरेल मड़ई मेले पर होती है यह विशेष रस्म
स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, गंगरेल बांध के पास स्थित मां अंगारमोती के मंदिर में हर साल दीपावली के ठीक बाद आने वाले पहले शुक्रवार को भव्य मड़ई मेले का आयोजन किया जाता है। इसी मड़ई के अवसर पर ‘परण प्रथा’ निभाई जाती है। मान्यता है कि इस विशेष दिन यदि नि:संतान महिला मंदिर के मुख्य पुजारी (बैगा) के पैरों के संपर्क में आ जाए, तो उसकी सूनी गोद जरूर भर जाती है और आंगन में किलकारियां गूंजती हैं। इस अनोखे और दुर्लभ दृश्य को देखने के लिए दूर-दूर से हजारों की संख्या में लोग पहुंचते हैं।
ऐसे निभाई जाती है कठिन ‘परण प्रथा’
इस परंपरा का पालन करने के लिए कड़े नियमों का पालन करना होता है:
- निराहार और खुले बाल: मड़ई वाले दिन निज संतान महिलाएं सुबह से ही बिना कुछ खाए-पिए (निराहार) मंदिर परिसर में पहुंचती हैं। इस दौरान उनके बाल खुले होते हैं।
- हाथों में पूजा सामग्री: महिलाएं अपने हाथों में नारियल, नींबू और फूल लेकर मंदिर के मुख्य मार्ग पर लेट जाती हैं।
- पुजारी का आशीर्वाद: पूजा-पाठ संपन्न होने के बाद जब मुख्य पुजारी (बैगा) मंदिर की तरफ आते हैं, तो ऐसी मान्यता है कि उन पर मां अंगारमोती की सवारी आती है।
मंदिर से लेकर प्रवेश द्वार तक करीब 400 मीटर के लंबे रास्ते में सैकड़ों महिलाएं औंधे मुंह जमीन पर लेटी रहती हैं। बैगा इन्हीं महिलाओं के ऊपर से गुजरते हुए आगे बढ़ते हैं। ऐसा विश्वास है कि जिन महिलाओं के ऊपर से बैगा के चरण पड़ जाते हैं, उनकी मनोकामना मां अंगारमोती अवश्य पूरी करती हैं।