पखांजूर में भाजपा मंडल अध्यक्ष की दबंगई: कापसी में माइंस सुपरवाइजर को दिया धक्का, वीडियो वायरल

पखांजूर: उत्तर बस्तर कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। कापसी क्षेत्र में सुरजगढ़ माइंस के वाहनों को रोकने के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय बाछार पर माइंस सुपरवाइजर को धक्का देने का गंभीर आरोप लगा है। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मंडल अध्यक्ष सुपरवाइजर के साथ धक्का-मुक्की करते हुए साफ नजर आ रहे हैं।

दो घंटे तक रोकी गईं गाड़ियां

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की रात भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय बाछार अपने समर्थकों के साथ कापसी चौक पहुंचे और सुरजगढ़ माइंस की खाली जा रही गाड़ियों को सड़क पर ही रोक दिया। गाड़ियों के रोके जाने से सड़क पर करीब दो घंटे तक वाहन खड़े रहे और यातायात बाधित हुआ। इसी हंगामे के दौरान जब माइंस सुपरवाइजर मौके पर पहुंचे, तो अजय बाछार के साथ उनकी तीखी बहस हुई और धक्का-मुक्की की यह घटना कैमरे में कैद हो गई।

वाहन चालकों ने थाने पहुंचकर की शिकायत

घटना के बाद गुस्साए वाहन चालकों और कर्मचारियों ने देर रात पखांजूर थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई और अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई। इस घटना के सामने आने के बाद से क्षेत्र में वाहन परिवहन, कर्मचारियों की सुरक्षा और जनप्रतिनिधियों के इस तरह के रवैये को लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *