पखांजूर: PV-74 गौरी शंकर नगर को मिली सामुदायिक भवन की सौगात, 9.88 लाख रुपये से होगा निर्माण

पखांजूर: क्षेत्र के ग्रामीण विकास को आगे बढ़ाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। ग्राम पंचायत मरोड़ा के अंतर्गत आने वाले ग्राम पीवी-74 गौरी शंकर नगर में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ। इस निर्माण के लिए क्षेत्रीय विधायक श्री विक्रम देव उसेंडी की विधायक निधि से 9 लाख 88 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। सामुदायिक भवन की इस सौगात से ग्रामवासियों में हर्ष और उत्साह का माहौल है।

सुनीता मंडल की उपस्थिति में हुआ भूमि पूजन

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष श्रीमती सुनीता मंडल की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके साथ भाजपा मंडल महामंत्री श्री विशाल राय, ग्राम मुखिया श्री महानंद विश्वास सहित अनेक जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

श्रीमती सुनीता मंडल ने कहा कि गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना और आम जनता की आवश्यकताओं को पूरा करना हमारी प्राथमिकता है। इस तरह के निर्माण कार्य ग्रामीणों को आपस में जोड़ने के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई दिशा देते हैं।

ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लंबे समय से एक ऐसे सामुदायिक भवन की आवश्यकता थी, जहां सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और अन्य सामूहिक कार्यक्रमों का आयोजन सुविधाजनक तरीके से किया जा सके। अब भवन निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामीणों को आयोजनों के लिए एक बेहतरीन साझा मंच उपलब्ध होगा।

इस अवसर पर विष्णु कायाल, समीर हालदार, उत्तम दास, अजित हालदार, गणेश ढाली, प्रभात मंडल, विजय कायाल, सूरज विश्वास, मनोरंजन मंडल, नरेन कायाल, शंकर, संतोष ढाली, तारक मंडल सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी और नारी शक्ति उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *