दुर्ग: छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर से एक दिलचस्प और सनसनीखेज मामला सामने आया है। भिलाई के प्रसिद्ध सूर्या मॉल (Suryamall) में स्थित ‘सेंशेसन स्पा सेंटर’ में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर पुलिस ने अचानक दबिश (Red) दी। हालांकि, पुलिस की जांच में वहां किसी भी तरह के अनैतिक कार्य की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मॉल प्रबंधन द्वारा बिजली और पानी की सप्लाई बंद किए जाने के बावजूद स्पा सेंटर का संचालन होने पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने मौके पर मिली युवतियों से बाउंड ओवर (मुचलका पाबंद) भरवाया है।

क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को भिलाई के सूर्या मॉल में स्थित सेंशेसन स्पा सेंटर के भीतर संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एएसपी (सिटी) शोभराज अग्रवाल के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम ने स्पा सेंटर पर अचानक रेड कार्रवाई की।
इस पूरी कार्रवाई में भिलाई नगर सीएसपी निशांत पाठक, डीएसपी (IUCAW) भारती मरकाम, सुपेला थाना प्रभारी एसएन सिंह और स्मृति नगर चौकी प्रभारी अमित अंडानी की टीमें मुख्य रूप से शामिल रहीं।
मॉल प्रबंधन की बड़ी कार्रवाई के बाद भी खुला था स्पा
मॉल प्रबंधन का पक्ष सामने आया है कि जिस जगह पर यह स्पा सेंटर संचालित हो रहा है, वह एक सोल्ड प्रॉपर्टी (Sold Property) है। सुरक्षा और नियमों को ध्यान में रखते हुए मॉल प्रबंधन ने इस हिस्से की बिजली और पानी की सप्लाई पहले ही काट दी थी।
इसके बावजूद, जब पुलिस ने छापा मारा तो हैरानी की बात यह थी कि बिजली और पानी न होने के बावजूद स्पा के अंदर युवतियां और अन्य लोग मौजूद थे। पुलिस ने तुरंत सभी को बाहर निकाला और मामले की गहराई से छानबीन की।
पुलिस ने युवतियों से भरवाया ‘बाउंड ओवर’
भिलाई नगर सीएसपी निशांत पाठक ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जांच में सेंशेसन स्पा सेंटर के अंदर किसी भी प्रकार के अनैतिक कृत्य की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, संदिग्ध परिस्थितियों और नियमों के उल्लंघन को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन वहां मिली युवतियों और लड़कियों की संलिप्तता की जांच की।
भविष्य में इस तरह की किसी भी संदिग्ध गतिविधि से बचने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने युवतियों से ‘बाउंड ओवर’ (मुचलका पाबंद) की कार्रवाई करवाई है, ताकि वे दोबारा ऐसी जगहों या गतिविधियों में शामिल न हों।
पुलिस की दो टूक: अवैध गतिविधियों पर जारी रहेगी सख्त कार्रवाई
प्रशासन और पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि शहर में स्पा सेंटर्स या अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की आड़ में किसी भी प्रकार की अवैध और संदिग्ध गतिविधियों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भिलाई पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि शहर की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता बनी रहे।