रायपुर आईफोन स्टोर चोरी मामला: 2 करोड़ के गैजेट्स चोरी में कंजर गिरोह के दो और फरार आरोपी देवास से गिरफ्तार

रायपुर आईफोन स्टोर चोरी मामला सुलझाने की दिशा में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हासिल हुई है। राजधानी के तेलीबांधा थाना क्षेत्र अंतर्गत मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर से करीब 2 करोड़ रुपये कीमत के आईफोन व अन्य गैजेट्स चोरी करने वाले अंतरराज्यीय कंजर गिरोह के दो और फरार सदस्यों को पुलिस ने मध्य प्रदेश के देवास से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 2 एप्पल वॉच और 1 एयरपॉड बरामद किए गए हैं।

बार-बार लोकेशन बदलकर दे रहे थे चकमा, तकनीकी साक्ष्य से हुई गिरफ्तारी

जानकारी के अनुसार, वारदात के बाद से ही दोनों आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस को चकमा दे रहे थे। रायपुर पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर देवास में घेराबंदी कर फरार आरोपी राजेश लोधी और राज झाला को दबोच लिया।

अब तक कुल 4 आरोपी गिरफ्तार, 125 आईफोन पहले हो चुके हैं बरामद

इस हाई-प्रोफाइल चोरीकांड में पुलिस इससे पहले गिरोह के सरगना और चोरी के आईफोन खरीदने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनके पास से करीब डेढ़ करोड़ रुपये कीमत के 125 आईफोन बरामद किए गए थे। अब दो नई गिरफ्तारियों के साथ इस प्रकरण में कुल 4 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।

मामले में अब तक गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

  • राजेश झाला (43): निवासी टोंकखुर्द, जिला देवास (गिरोह का सरगना)
  • सफान खान (38): निवासी जिला बड़वानी (चोरी के आईफोन प्राप्त करने वाला)
  • राज झाला (20): निवासी टोंकखुर्द, जिला देवास
  • राजेश लोधी (35): निवासी टोंकखुर्द, जिला देवास

पुलिस टीम गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर चोरी के शेष गैजेट्स की बरामदगी तथा गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की संलिप्तता को लेकर आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *