सक्ती जमीन घोटाला मामला सामने आने के बाद जिले के प्रशासनिक और राजस्व हल्कों में हड़कंप मच गया है। सक्ती जिले के भोथिया तहसील अंतर्गत ग्राम झालरौंदा में छोटे-बड़े झाड़ की जंगल मद सहित करीब 400 एकड़ शासकीय जमीन को फर्जी तरीके से निजी व अन्य नामों पर दर्ज करने का गंभीर आरोप लगा है। मामले में पूर्व जिला पंचायत सदस्य की शिकायत के बाद कलेक्टर ने जांच टीम गठित कर संबंधितों को नोटिस जारी किया है।
फर्जी पर्ची से धान बिक्री, बोनस और बैंक लोन का आरोप
ग्राम झालरौंदा के पूर्व जिला पंचायत सदस्य रमेश चंद्रा ने कलेक्टर को सौंपी शिकायत में आरोप लगाया है कि गांव में पदस्थ रहे पटवारी विशेश्वर सिंह सिदार ने अपने कार्यकाल के दौरान लगभग 400 एकड़ शासकीय भूमि फर्जी किसानों के नाम पर दर्ज की। शिकायतकर्ता का दावा है कि प्रति एकड़ 50 हजार रुपये की लेन-देन कर फर्जी पर्ची तैयार की गई, जिसके आधार पर सेवा सहकारी समिति से धान बेचकर बोनस की राशि हड़पी गई और बैंकों से लोन भी लिया गया।
परिवार के सदस्यों के नाम जमीन दर्ज कराने का आरोप
शिकायतकर्ता रमेश चंद्रा ने दीपक चौहान, घसिया राम कुर्रे और राकेश को इस प्रकरण का मुख्य सूत्रधार बताया है। आरोप के मुताबिक, दीपक चौहान के परिवार के सदस्यों के नाम भी जमीन दर्ज कराई गई, जिनमें:
- अनिता चौहान (पति दुजराम): 0.83 हेक्टेयर
- दीपक कुमार चौहान (पिता राजाराम): 3.905 हेक्टेयर
- दीपिका चौहान (पति दीपक चौहान): 1.368 हेक्टेयर
- दुजराम चौहान (बहनोई): 1.444 हेक्टेयर
- विमला बाई (पति राजाराम चौहान): 4.507 हेक्टेयर
- राजू प्रसाद चौहान (पिता बुधराम): 5.574 हेक्टेयर
दो पत्रकारों की संलिप्तता और अन्य गांवों तक फैलाव का दावा
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस मामले में दो पत्रकार भी शामिल हैं। इसमें घसिया राम कुर्रे के नाम पर दर्ज रकबा पिछले वर्ष 3.108 हेक्टेयर से बढ़कर इस वर्ष 6.271 हेक्टेयर होने का उल्लेख किया गया है। वहीं हसौद निवासी शेख मुबारक (पिता शेख जरीब) के नाम झालरौंदा में खसरा नंबर 869/1 (1.0240 हेक्टेयर), 933/4 (0.4010 हेक्टेयर), 559/6 (0.6070 हेक्टेयर) और 559/17 (0.6070 हेक्टेयर) सहित कुल 2.8390 हेक्टेयर भूमि दर्ज कराने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि यह गड़बड़ी केवल झालरौंदा तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रभार के अन्य गांवों—बर्रा, बिछिया, आमापाली, हरदी और भोथिया में भी इसी तरह की अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने पिछले वर्ष करीब 60 लाख रुपये से अधिक संदिग्ध बोनस भुगतान की वसूली, संदिग्ध किसानों की धान खरीदी व किसान उन्नति राशि पर रोक, उच्चस्तरीय जांच और अपनी सुरक्षा की मांग की है।
कलेक्टर ने नोटिस जारी कर बनाई जांच टीम
सक्ती कलेक्टर जयश्री जैन ने बताया कि 400 एकड़ सरकारी जमीन में गड़बड़ी की शिकायत प्राप्त हुई है। संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है और जांच टीम गठित कर दी गई है, जो शुक्रवार को मौके पर जांच के लिए जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें