कर्नाटक के उडुपी से 8 बांग्लादेशी अरेस्ट, फर्जी पासपोर्ट और फेक आधार कार्ड कर रहे थे इस्तेमाल

कर्नाटक के उडुपी में अवैध रूप से रह रहे आठ बांग्लादेशी नागरिकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी नागरिक पिछले तीन वर्षों से वैध पासपोर्ट या वीजा के बिना जिले के हुदे गांव में रह रहे थे.

उडुपी के पुलिस अधीक्षक अरुण के. के अनुसार, यह गिरफ्तारी तब हुई जब मोहम्मद मानिक नामक एक आरोपी ने फर्जी पासपोर्ट का इस्तेमाल कर मंगलुरु हवाई अड्डे से दुबई भागने की कोशिश की. उन्होंने बताया कि आव्रजन अधिकारियों के संदेह के चलते उसे पड़ोसी दक्षिण कन्नड़ जिले के बाजपे हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया.

अरुण के ने बताया, “पूछताछ करने पर मानिक ने खुलासा किया कि हुदे गांव में उसके साथ सात अन्य बांग्लादेशी नागरिक अवैध रूप से रह रहे हैं.” यह जानकारी उडुपी पुलिस को दी गई, जिसने बाद में इलाके में छापेमारी की. पुलिस ने शुक्रवार को सात लोगों को हिरासत में लिया और उनके अवैध प्रवास के बारे में विस्तृत जांच शुरू की.

जांच के दौरान पता चला कि आरोपियों के पास फर्जी आधार कार्ड थे. एसपी अरुण ने बताया कि इस बात की जांच की जा रही है कि आरोपियों ने ये फर्जी आधार कार्ड कैसे हासिल किए और वे बांग्लादेश से भारत की सीमा में कैसे घुसे. आठों बांग्लादेशी नागरिक फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं और उन्हें स्थानीय अदालत में पेश किए जाने की उम्मीद है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *