झारखंड में मतदान से एक दिन पहले कांग्रेस ने जारी किया घोषणापत्र, जातिगत जनगणना समेत किए ये वादे

झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव से मात्र एक दिन पहले कांग्रेस पार्टी ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। पार्टी ने जनता से जातिगत जनगणना कराने और हर महीने 250 यूनिट बिजली फ्री देने समेत कई वादे किए हैं। इस घोषणापत्र में ज्यादातर वादे वही हैं जो INDIA गठबंधन की तरफ से जारी संयुक्त घोषणापत्र में किए गए हैं। पार्टी ने लोगों को 7 गारंटी देने का वादा किया है।

पार्टी ने मइंया सम्मान गारंटी के तहत महिलाओं को 2500 रुपए महीना देने, सामाजिक न्याय की गारंटी के अंतर्गत ST आरक्षण को बढ़ाकर 28%, SC को 12% और OBC को 27% आरक्षण देने का वादा किया है। 1932 आधारित खतियान की गारंटी के अंतर्गत स्थानीयता नीति लाने और सरना धर्म कोड लागू करने का वादा किया है, खाद्य सुरक्षा की गारंटी के अंतर्गत हर व्यक्ति को 7 किलो राशन और 450 रुपए में गैस सिलेंडर देने का वादा किया है। किसान कल्याण की गारंटी के अंतर्गत धान की MSP 3,200 रुपए करने और अन्य कृषि उत्पादों की MSP में 50% तक वृद्धि करने का वादा किया है। इसके अलावा रोजगार और स्वास्थ्य सुरक्षा की गारंटी के तहत 10 लाख नौकरियां देने व 15 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा देने का वादा किया है। इसके अलावा शिक्षा की गारंटी के अंतर्गत सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज बनाने और जिला मुख्यालयों में इंजीनियरिंग-मेडिकल कॉलेज व यूनिवर्सिटी बनाने की गारंटी दी है।

इस मौके पर बोलते हुए पार्टी की घोषणा पत्र समिति के प्रमुख बंधु तिर्की ने बताया कि ‘कांग्रेस का यह घोषणापत्र प्रदेश के आदिवासियों के हितों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया है। इसके लिए हर जिले में चौपाल लगाकर जनता से संवाद किया गया था।’

उन्होंन कहा कि ‘हमने पूरी कोशिश की है कि हमारा मेनिफेस्टो आम जनता का हो। ग्राउंड से जो रिपोर्ट आई, उसे देखते हुए हमारा मेनिफेस्टो जारी किया गया है। हमने अपने घोषणापत्र में उन्हीं बातों को शामिल किया है, जो पूरी की जा सकती हैं और जिनका किया जाना इस राज्य के लिए बेहद जरूरी है।’

बंधु तिर्की ने आगे कहा कि, ‘यह घोषणापत्र झारखंड और यहां के लोगों के मुद्दों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। कोविड काल के बाद इस (राज्य) सरकार को अस्थिर करने की कोशिश की गई। लेकिन इस गठबंधन सरकार ने आगे बढ़कर अपने वादों को पूरा किया। नौकरी के अवसरों की कोई कमी नहीं रही है। इस सरकार ने पिछली सरकारों की तुलना में अधिक लोगों को नियुक्त किया है। सभी नौकरियों में नियुक्तियां पाइपलाइन में हैं और ये सभी इस सरकार के दोबारा बनने के बाद पूरी हो जाएंगी।’

बता दें कि झारखंड में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 43 सीटों पर कल यानी 13 नवंबर बुधवार को मतदान होगा जबकि दूसरे चरण के तहत 38 सीटों पर 20 नवंबर को मतदान होगा। जबकि चुनाव परिणाम 23 नवंबर को आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *