भाजपा नेता लल्ला सिंह हत्याकांड के बाद कोरिया में हाई अलर्ट, प्रशासन ने लगाया धारा 163, जुलूस-प्रदर्शन पर रोक

लल्ला सिंह हत्याकांड

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की दर्दनाक मौत के बाद प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। कटगोड़ी हत्याकांड के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने धारा 163 लागू कर दी है। प्रशासन को आशंका है कि घटना के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है, इसलिए एहतियात के तौर पर कई तरह के प्रतिबंध लगाए गए हैं।

यह मामला सोनहत तहसील के ग्राम कटगोड़ी का है, जहां पुरानी रंजिश के चलते हुई हिंसक घटना में भाजपा नेता लल्ला सिंह की जान चली गई। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

प्रशासन ने जारी किया सख्त आदेश

कोरिया कलेक्टर रोक्तिमा यादव द्वारा जारी आदेश के अनुसार महलपारा बैकुंठपुर, नौगई और कटगोड़ी स्थित भरत सिंह के क्रेशर प्लांट क्षेत्र के 300 मीटर दायरे में धारा 163 लागू की गई है।

आदेश के तहत:

  • किसी भी प्रकार के घातक हथियार लेकर चलने पर प्रतिबंध रहेगा।
  • जुलूस, धरना-प्रदर्शन और आमसभा आयोजित नहीं की जा सकेगी।
  • विस्फोटक सामग्री के उपयोग और प्रदर्शन पर रोक रहेगी।
  • आपत्तिजनक नारेबाजी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
  • भड़काऊ पोस्टर, पंपलेट और प्रचार सामग्री के वितरण की अनुमति नहीं होगी।

प्रशासन का कहना है कि यह कदम कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए उठाया गया है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक मंगलवार दोपहर किसी पुराने विवाद को लेकर तनाव की स्थिति बनी थी। इसी विवाद के बाद रात करीब 10:30 बजे भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह अपने साथियों के साथ ग्राम कटगोड़ी पहुंचे।

आरोप है कि वहां मौजूद मनोज त्रिपाठी, निशांत त्रिपाठी और अन्य लोगों के साथ विवाद बढ़ गया। इसी दौरान भरत सिंह की फॉर्च्यूनर गाड़ी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई।

गाड़ी में आग लगने से भरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके साथ मौजूद नागेन्द्र सिंह और विरेन्द्र सिंह गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना में कुल तीन लोगों की मौत हुई है।

पूरे इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है। संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर भी नजर रखी जा रही है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। घटना में शामिल आरोपियों की भूमिका, पुरानी रंजिश की वजह और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को खंगाला जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कोरिया का कटगोड़ी हत्याकांड प्रदेश की चर्चित घटनाओं में शामिल हो गया है। भाजपा नेता लल्ला सिंह समेत तीन लोगों की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में शोक, तनाव और आक्रोश का माहौल है, जबकि प्रशासन हालात को नियंत्रण में रखने के लिए लगातार कदम उठा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *