दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने शनिवार को कहा कि पिछले साल बस मार्शल पद से हटाए गए करीब 10,000 सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स (सीडीवी) अगले हफ्ते से चार महीने के लिए काम पर लौट आएंगे। ये सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स प्रदूषण की रोकथाम को लेकर लाए गए विभिन्न नियम कानूनों के अनुपालन के कामकाज में मदद करेंगे। दिल्ली सरकार ने इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। CM आतिशी ने इन्हें रेगुलर करने के बारे में भी बड़ा बयान जारी किया है।
मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि दिल्ली सरकार जल्द ही सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स को नियमित करने के लिए प्रस्ताव भेजेगी। वित्त और राजस्व विभागों द्वारा आपत्ति जताए जाने के बाद सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स को 1 नवंबर, 2023 से हटा दिया गया था। इस आपत्ति में कहा गया था कि सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स आपदा न्यूनीकरण संबंधी कार्यों में काम करने के लिए थे। बस मार्शलों के रूप में उनकी तैनाती गलत थी।
मुख्यमंत्री आतिशी कहा कि सोमवार से सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स को कॉल आउट नोटिस जारी किए जाएंगे और फिर वे मंगलवार और बुधवार को संबंधित जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय में पंजीकरण शुरू कर सकते हैं। पंजीकरण के दो-तीन दिनों के भीतर सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स को प्रदूषण हॉटस्पॉट की निगरानी, धूल प्रदूषण की रोकथाम और कचरा जलाने से रोकने जैसे कार्यों में तैनात किया जाएगा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री आतिशी ने भाजपा और केंद्र सरकार पर जोरदार हमला भी बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि साल 2018 में तत्कालीन केजरीवाल सरकार ने महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स को बस मार्शल के रूप में तैनात किया था, लेकिन भाजपा ने एक साजिश के तहत अक्टूबर 2023 में उन्हें हटा दिया। हालांकि, AAP ने हटाए गए बस मार्शलों के साथ लड़ाई लड़ी और उन्हें उनकी नौकरी वापस दिलाई।