पासपोर्ट बनवाने की सुविधा घर पर ही मिलेगी, स्लॉट बुक करने पर आएगी मोबाइल वैन

पासपोर्ट बनवाने के लिए अब लोगों को पासपोर्ट कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने होंगे। ऑनलाइन पासपोर्ट मोबाइल वैन की स्लॉट बुकिंग करने पर तय समय पर मोबाइल पासपोर्ट वैन घर के बाहर ही पासपोर्ट बनाने के लिए पहुंचेंगी। सभी दस्तावेजों की ऑनलाइन चेकिंग समेत बायोमैट्रिक आदि प्रक्रिया दरवाजे पर ही पूरी हो जाएगी।

इसके लिए गुरुवार को बरेली के प्रियदर्शनी नगर स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय पर क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने मोबाइल पासपोर्ट वैन का फीता काटकर शुभारंभ किया। कुल 13 जिलों के आवेदकों को पासपोर्ट संबंधी सेवाएं और अधिक सुलभ रुप से प्रदान कर सेवाओं का दायरा और बढ़ाया जाएगा। मोबाइल पासपोर्ट वैन सेवा का लाभ आंवला, संभल के लोगों को अधिक मिलेगा। धीरे-धीरे विस्तार किया जाएगा। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी बरेली शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पासपोर्ट मोबाइल वैन आवेदकों के लिए काफी कारगर साबित होगी। पासपोर्ट मोबाइल वैन के जरिये लोगों को घर के पास पासपोर्ट बनवाने की सुविधा मिलेगी।

फिलहाल मोबाइल वैन के लिए प्रत्येक कार्य दिवस की 40 अप्वाइंटमेंट जारी की जाएगी। आने वाले दिनों में पासपोर्ट मोबाइल वैन के लिए अप्वाइंटमेंट की संख्या बढ़ाई जाएगी। जो लोग पासपोर्ट बनवाना चाहते हैं वह अप्वाइंटमेंट के लिए passportindia. gov. in वेबसाइट पर जाकर स्लॉट बुक कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *