दिल्ली में पिछले हफ्ते 560 किलो कोकीन जब्त करने के बाद गुरुवार को पुलिस ने 200 किलो ड्रग्स बरामद किए हैं। पुलिस को यह ड्रग्स रमेश नगर स्थित एक बंद दुकान से बरामद हुए। नमकीन ‘चटपटा मिक्सचर’ में रखे इन ड्रग्स की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 2,080 करोड़ रुपये है। पिछले हफ्ते और गुरुवार को मिले मादक पदार्थ की संयुक्त कीमत 7000 करोड़ रुपये से ज्यादा है। पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपी ब्रिटेन के नागरिक की पहचान कर ली गई है। वह पुलिस टीम के पहुंचने से पहले भाग गया।
दिल्ली में मिले ड्रग्स को लेकर 10 प्वाइंट्स
1. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने रमेश नगर में बंद दुकान से कोकीन की खेप बरामद की है। करीब 200 किलो बरामद ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 2,000 करोड़ रुपये से ज्यादा है। यह ड्रग नमकीन के पैकेट में रखी गई थी।”
2. पुलिस ने उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के रहने वाले अखलाक नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसने यह खेप पहुंचाई थी। ब्रिटेन के एक नागरिक ने राजधानी में यह ड्रग्स स्टोर किया था, जोकि फरार है।
3. रमेश नगर के गोदाम से 200 किलो कोकीन बरामद की गई। जिस व्यक्ति ने उस गोदाम में ड्रग्स रखी थी, वह यूके का नागरिक है और कोकीन को वहां रखने के बाद वह फरार हो गया। पुलिस को इस यूके नागरिक के बारे में जानकारी इखलाक (5,000 करोड़ रुपये के ड्रग मामले में गिरफ्तार) से पूछताछ के बाद मिली।
4. 560 किलो कोकीन बरामदगी मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों तुषार गोयल, हिमांशु और औरंगजेब के पास से 15 किलो कोकीन बरामद हुई है। गोदाम से मारिजुआना और कोकीन भी बरामद हुआ था।
5. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘तुषार गोयल, हिमांशु और औरंगजेब के पास से करीब 15 किलो कोकीन बरामद की गई। उन्हें तब पकड़ा गया जब वे रिसीवर को सप्लाई देने के लिए महिपालपुर एक्सटेंशन स्थित गोदाम से बाहर आ रहे थे। गोदाम से मारिजुआना और कोकीन बरामद हुई। तुषार गोयल दिल्ली के वसंत विहार का रहने वाला है जबकि हिमांशु और औरंगजेब उसके दो साथी हैं। कुर्ला वेस्ट (मुंबई) से रिसीवर भरत जैन को भी पकड़ लिया गया है।’
6. पुलिस ने बताया कि दोनों ड्रग की खेप दिल्ली के एक बिजनेसमैन के गिरोह से जुड़ी है, जो दुबई में रहता है।
7. कोकीन ‘चटपटा मिक्सचर’ लेबल वाले पैकेट को खोलने पर मिली।
8. कथित ड्रग्स खेप के सरगना की पहचान वीरेंद्र बसोइया के रूप में हुई है, जिसकी मुलाकात गोयल से 2011 में तिहाड़ में हुई थी। उसने कथित तौर पर एक पुराने मालवाहक जहाज के जरिए दुबई के रास्ते दक्षिण अमेरिका से भारत तक माल भेजा था।
9. एचटी की रिपोर्ट के अनुसार आरोपी चेन्नई से हापुड़ के रास्ते दिल्ली में ड्रग्स लेकर आया था। एक अधिकारी ने बताया, ‘मंगलवार को हमने उसके साथी मोहम्मद अखलाक को हापुड़ से गिरफ्तार किया। वह हापुड़ से दिल्ली तक ड्रग्स लाने का काम करता था।’ पुलिस ने जीपीएस के जरिए वाहन को ट्रैक किया।
10. पुलिस ने कहा, ‘बसोइया ने दूसरे माल की देखभाल के लिए एक दूसरा हैंडलर, जो ब्रिटेन का नागरिक है, को काम पर रखा था। गिल (एक आरोपी) और हैंडलर को माल को अलग-अलग हैंडलरों और सिंडिकेटों में ‘बांटने’ का निर्देश दिया गया था। हमने उसकी पहचान कर ली थी, लेकिन वह रविवार या सोमवार को भारत छोड़कर निकल गया।’