जिनको किसी ने नहीं पूछा, उन्हें मोदी पूजता है; जमुई से आदिवासियों को पीएम की बड़ी सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जमुई जिले के बल्लोपुर गांव में बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान पीएम ने आदिवासियों के लिए 6640 करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन मेें कहा कि आदिवासियों ने ही राजकुमार राम को भगवान राम बनाया था। देश की आजादी में आदिवासियों का बहुत बड़ा योगदान रहा है। मगर पूर्व की सरकारों ने जनजातीय समुदाय के इतिहास को दबाने का काम किया। पीएम मोदी ने आरोप लगाए कि पूर्व की सरकारों ने आदिवासियों के उत्थान के लिए कोई काम नहीं किया। अब एनडीए सरकार उनके विकास के लिए कदम उठा रही है। उन्होंने कहा, “जिनको किसी ने नहीं पूछा, उनको मोदी पूजता है।”

पीएम ने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान की शुरुआत की। पीएम-जनमन के तहत बनाए गए 11 हजार जनजाति आवासों के गृह प्रवेश में भी वर्चुअली हिस्सा लिया। इसके अलावा देश भर में 10 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों का उद्घाटन किया गया। पीएम मोदी के जमुई कार्यक्रम से देश भर के 100 जिलों से लोग सीधे तौर पर लाइव जुड़े।

पीएम मोदी की जमुई सभा में राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, जुएल ओरांव, जीतनराम मांझी समेत अन्य नेता के मौजूद रहे। पीएम मोदी की सभा मेें आसपास के जिलों और झारखंड से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं। बता दें कि इस सप्ताह पीएम का यह दूसरा बिहार दौरा है। दो दिन पहले ही उन्होंने दरभंगा में एम्स समेत सड़क एवं रेलवे की अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया था।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर भरोसा दिलाया कि वह एनडीए छोड़कर कहीं नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की वजह से बीच में गलती से वे इधर-उधर चले गए थे। मगर अब बीजेपी का साथ छोड़कर कहीं नहीं जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *