नायब सिंह सैनी 15 अक्टूबर को हरियाणा के CM पद की ले सकते हैं शपथ

हरियाणा में बीजेपी की बंपर जीत के बाद नायब सिंह सैनी 15 अक्टूबर को सीएम पद की शपथ ले सकते हैं. सूत्रों के मुताबिक शपथ ग्रहण समारोह की व्यवस्था की देखरेख के लिए मुख्य सचिव ने 10 सदस्यीय समिति का गठन किया है.

इस समिति की अध्यक्षता पंचकूला जिला आयुक्त करेंगे. प्रधानमंत्री और भाजपा के मुख्यमंत्रियों समेत शीर्ष भाजपा पदाधिकारी इसमें शामिल होंगे. हालांकि, इस शपथ ग्रहण की तारीख को एक दिन आगे (16 अक्टूबर) भी बढ़ाया जा सकता है. यह पूरी तरह से प्रधानमंत्री की उपलब्धता पर निर्भर होगा.

बता दें कि दो दिन पहले ही 9 अक्टूबर को नायब सिंह सैनी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी. उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात की थी. हालांकि, जब पीएम मोदी से मुलाकात और अगले सीएम को लेकर जब उनसे सवाल किया गया था तो नायब सिंह सैनी ने कहा था कि यह संसदीय बोर्ड तय करेगा.

बता दें कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 90 में से 48 सीटें मिली हैं, जबकि कांग्रेस को 37 सीट मिली है. बीजेपी ने लगातार तीसरी बार राज्य में अपना कब्जा जमाया है.

हरियाणा चुनाव में फाइट कितनी टाइट थी, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि केवल पांच सीटें ही ऐसी रहीं जहां जीत-हार का अंतर 50 हजार से ज्यादा रहा. बादशाहपुर, फिरोजपुर झिरका, गढ़ी सांपला-किलोई, गुड़गांव और पानीपत ग्रामीण विधानसभा सीट पर जीत-हार का अंतर 50 हजार से अधिक रहा. सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड फिरोजपुर झिरका से कांग्रेस के मामन खान के नाम रहा. मामन खान ने 98 हजार 441 वोट के अंतर से चुनावी बाजी जीती.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *