राशिद खान का पाकिस्तान पर तीखा हमला, एयरस्ट्राइक में 3 अफगानी क्रिकेटरों की मौत पर कहा- यह मानवाधिकारों का उल्लंघन है

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच रिश्ते एक बार फिर बेहद तनावपूर्ण दौर में पहुंच गए हैं। पाकिस्तान द्वारा की गई एयरस्ट्राइक में तीन अफगान क्रिकेटरों की मौत के बाद हालात और बिगड़ गए हैं। इस हमले में कुल आठ लोगों की मौत हुई, जबकि सात अन्य घायल बताए जा रहे हैं। मारे गए तीनों क्रिकेटर – कबीर, सिबगतुल्लाह और हारून एक मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच खेलकर घर लौट रहे थे, तभी यह घटना हुई।

बता दें कि अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने बड़ा कदम उठाते हुए पाकिस्तान में होने वाली आगामी टी20 ट्राई सीरीज से खुद को बाहर कर लिया है। यह सीरीज नवंबर में पाकिस्तान, श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच खेली जानी थी। वहीं इस पूरे मसले पर अफगान‍िस्तानी टीम के सबसे बड़े क्रिकेटर राश‍िद खान का र‍िएक्शन आया है। उन्होंने पाकिस्तान की इस हरकत को अमानवीय करार दिया है।

राशिद खान ने जताया गुस्सा, कहा – “मानवता पर हमला है यह”

अफगानिस्तान के स्टार ऑलराउंडर राशिद खान ने इस हमले पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर उन्होंने लिखा, “पाकिस्तानी हवाई हमलों में नागरिकों की जान जाने से मुझे गहरा दुख हुआ है। यह एक ऐसी त्रासदी है, जिसमें महिलाओं, बच्चों और उन युवा क्रिकेटरों की जान चली गई, जो एक दिन अपने देश का नाम रोशन करने का सपना देख रहे थे।”

राशिद खान ने पाकिस्तान को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि, “नागरिकों और खेल से जुड़े लोगों को निशाना बनाना पूरी तरह अनैतिक और बर्बरता है। यह मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन है। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने जो निर्णय लिया है, वह सही और आवश्यक है। हमारी राष्ट्रीय गरिमा और हमारे लोगों की सुरक्षा सबसे पहले आनी चाहिए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *