मुंबई: टीवी की दुनिया में पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस सुमोना चक्रवर्ती आज छोटे पर्दे की एक जाना-माना चेहरा बन चुकी हैं। सुमोना चक्रवर्ती का जन्म 24 जून 1988 को लखनऊ में हुआ था। सुमोना चक्रवर्ती आज अपना 37वां जन्मदिन मना रही हैं। सुमोना का एक्टिंग सफर काफी दिलचस्प रहा है। उन्होंने बाल कलाकार के रूप में हिंदी फिल्मों में कदम रखा और फिर छोटे पर्दे पर अपने दमदार अभिनय से लाखों दिलों पर राज किया।
सुमोना ने अपने करियर की शुरुआत 1999 में आमिर खान और मनीषा कोइराला स्टारर फिल्म ‘मन’ से की थी। उस वक्त वह केवल 11 साल की थीं। हालांकि इसके बाद उन्होंने अपनी पढ़ाई पर ध्यान देने के लिए अभिनय से कुछ समय तक दूरी बना ली। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने एक्टिंग की दुनिया में दोबारा वापसी की, इस बार टीवी के माध्यम से।
सुमोना चक्रवर्ती का टीवी करियर
टीवी पर उन्होंने शुरुआत की एकता कपूर के शो ‘कसम से’ से। इसके बाद वह ‘कस्तूरी’, ‘डिटेक्टिव डॉल’ और ‘सुन यार चिल मार’ जैसे शोज़ में नजर आईं। लेकिन इन्हें असली पहचान मिली ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ सीरियल से, जिसमें उन्होंने नताशा का किरदार निभाया और दर्शकों के बीच अपनी अलग जगह बना ली।
इस शो से मिली सुमोना को पॉपुलैरिटी
सुमोना चक्रवर्ती को सबसे ज्यादा पॉपुलैरिटी मिली ‘कॉमेडी नाइट्स विद कपिल’ और ‘द कपिल शर्मा शो’ से। कपिल शर्मा की ऑन-स्क्रीन वाइफ का किरदार निभाते हुए उन्होंने ह्यूमर, टाइमिंग और अभिनय से सभी को प्रभावित किया। यह शो सुमोना के करियर का टर्निंग पॉइंट बन गया। फैंस भी सुमोना चक्रवर्ती को पसंद करने लगे थे।
सलमान खान संग किया काम
फिल्मों की बात करें तो सुमोना सलमान खान की फिल्म ‘किक’, रणबीर कपूर की ‘बर्फी’, और ‘फिर से’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। लेकिन बड़े पर्दे पर उन्हें वह पहचान नहीं मिली जो छोटे पर्दे ने उन्हें दिलाई। आज सुमोना टीवी की सबसे पॉपुलर और हाई पेड कॉमेडी एक्ट्रेसेज़ में शुमार हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह ‘द कपिल शर्मा शो’ के एक एपिसोड के लिए 6-7 लाख रुपये तक की फीस चार्ज करती हैं। अपने टैलेंट, मेहनत और स्क्रीन प्रेजेंस से उन्होंने इंडस्ट्री में अपनी एक खास जगह बना ली है।