संभल हिंसा पर स्वरा भास्कर का चढ़ा पारा, कहा- मुसलमानों की हत्या कर रहा प्रशासन

उत्तर प्रदेश के संभल में हाल ही में हुई हिंसा को लेकर अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने सरकार पर हमला बोला है। बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि देश में कानून लागू करने वाले लोग ही मुसलमानों की हत्या कर रहे हैं। स्वरा ने देश के पूर्व मुख्य न्यायधीश डीवाई चंद्रचूड़ के एक बयान को लेकर भारत की न्यायपालिका पर भी सवाल उठाया है। गौरतलब है कि संभल में एक मुगलकालीन मस्जिद का सर्वेक्षण का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच बीते रविवार को झड़प हो गई थी। इस हिंसा के दौरान हुई गोलीबारी और पथराव के दौरान कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। वहीं 20 से अधिक सुरक्षाकर्मियों सहित कई अन्य लोग घायल हो गए थे।

मंगलवार देर रात स्वरा भास्कर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट के जरिए अपना गुस्सा जाहिर किया। उन्होंने लिखा, “हम भारत में उस स्थिति में हैं जहां कानून लागू करने वाले लोग नागरिकों की हत्या कर रहे हैं क्योंकि वे मुसलमान हैं।” उन्होंने आगे लिखा, “और न्यायपालिका? वे शायद भगवान से सलाह ले रहे हैं कि उन्हें अपना काम कैसे करना है। ये बकवास है।” बीते कुछ दिनों पहले ही पूर्व सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा था कि उन्होंने भगवान से प्रार्थना की थी कि अयोध्या-बाबरी मस्जिद मामला जल्द से जल्द सुलझ जाए।

इस बीच उत्तर प्रदेश की सरकार ने हिंसा के दौरान पत्थर बाजी करने वाले उपद्रवियों पर कार्रवाई करने का आदेश दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपद्रवियों के पोस्ट को सार्वजनिक जगहों पर लगाने और बवाल के दौरान सार्वजनिक संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई करने का आदेश दिया है। इस मामले में पुलिस ने सपा सांसद सहित 2500 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। शहर में शांति बहाल करने के लिए की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *