कर्नाटक के बेंगलुरु में एक महिला को उसके पहनावे को लेकर एसिड अटैक की धमकी दी गई. आरोपी ने महिला के पति को मैसेज भेजा था. इसकी शिकायत पुलिस से की गई. जब मामला सामने आया तो धमकी देने वाले बिजनेस डेवलपमेंट प्रोफेशनल को उसकी कंपनी ने नौकरी से निकाल दिया. पुलिस ने इस मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है.
एजेंसी के अनुसार, पुलिस ने बताया कि आरोपी बिजनेस डेवलपमेंट प्रोफेशनल का नाम निकित शेट्टी है. यह मामला 9 अक्टूबर का है. निकित शेट्टी ने 9 महिला के पति को मैसेज भेजकर कहा, अपनी पत्नी को अच्छे कपड़े पहनने के लिए कहें, खासकर कर्नाटक में, अन्यथा मैं उसके चेहरे पर एसिड फेंक सकता हूं. मैसेज मिलने के बाद पीड़ित व्यक्ति ने तुरंत सूचना पुलिस को दी और मैसेज का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया.
इसके बाद पीड़ित ने डीजीपी, मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री को टैग करते हुए एक ऑनलाइन पोस्ट डाली, इसमें कार्रवाई की अपील की गई. पोस्ट में कहा कि यह गंभीर मामला है. यह व्यक्ति मेरी पत्नी के कपड़ों के चयन को लेकर उसके चेहरे पर एसिड फेंकने की धमकी दे रहा है. कृपया इस व्यक्ति के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करें, ताकि कोई भी घटना न हो. मुझे नहीं लगता कि इस संस्था (जिस निजी फर्म में शेट्टी काम करता था) में महिलाएं सुरक्षित हैं.
नेटिजन द्वारा इस पूरे मामले को संज्ञान में लाने के बाद कंपनी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए निकित शेट्टी को नौकरी से बर्खास्त कर दिया. इस बारे में पीड़ित ने सोशल मीडिया पोस्ट कर बताया कि मेरी पत्नी को एसिड अटैक की धमकी देने वाले व्यक्ति को कंपनी ने तुरंत नौकरी से निकाल दिया है. इस पर कार्रवाई करने के लिए सभी का धन्यवाद. पुलिस ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है. इसी के साथ धमकी देने वाले आरोपी निकित शेट्टी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है.