दिल्ली विधानसभा चुनाव में कुछ ही समय बाकी रह गया है। एक तरफ आम आदमी पार्टी सत्ता की चाबी हासिल करने के लिए पूरी ताकत झोंकती नजर आ रही है तो वहीं इसके दो विधायों के चलते पार्टी की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। बीजेपी ने इन दोनों विधायकों को आम आदमी पार्टी के खिलाफ बड़ा हथियार बना लिया है। यह दोनों विधायक हैं नरेश बालियान और नरेश यादव। ऐसे में अब दो नरेश ही आप के कलेश का बड़ा कारण बन गए हैं।
उत्तम नगर से विधायक नरेश बालियान पर जहां गैंगस्टर के साथ मिलकर जबरन वसूली का आरोप है तो वहीं महरौली से विधायक नरेश यादव के खिलाफ कुरान की बेअदबी किए जाने के मामले में बीजेपी प्रदर्शन कर रही है। बीजेपी इस मामले में अरविंद केजरीवाल की चुप्पी पर सवाल खड़े कर रही है और विधायक को बर्खास्त करने की मांग भी कर रही है। बता दें, नरेश यादव को पंजाब में मालेरकोटला जिले की एक कोर्ट ने 2 साल की सजा सुनाई है।
आप ने उठाया कानून व्यवस्था का मुद्दा तो बीजेपी विधायकों को ही बना लिया हथियार
आम आदमी पार्टी बीजेपी को लगातार कानून व्यवस्था को लेकर घेरती नजर आ रही है। अरविंद केजरीवाल दिल्ली के हर उस इलाके में जा रहे हैं जहां इन दिनों हत्याएं हुई हैं या रंगदारी मांगने के लिए गैंगस्टरों ने गोलीबारी की है। केजरीवाल कानून व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार को घेर रहे हैं और सीधे अमित शाह पर हमला बोल रहे हैं। ऐसे में बीजेपी ने आप के ही विधायकों को ही हथियार बना लिया है।
नरेश बालियान को लेकर क्या बोली बीजेपी
हाल ही में बीजेपी ने नरेश बालियान की कुछ ऑडियो क्लिप जारी करते हुए आरोप लगाया था कि शराब घोटाले और भ्रष्टाचार करने वाली पार्टी अब गेंगस्टर के साथ मिल कर फिरौती वसूलने वाली पार्टी बन गयी है।
भाजपा के प्रवक्ता गौरव भाटिया और दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने ऑडियाे क्लिपों को मीडिया में जारी करते हुए अरविंद केजरीवाल को चुनौती दी थी कि वे इन ऑडियो क्लिपों को सुनकर विधायक को निष्कासित करें नहीं तो माना जाएगा कि ये वसूली उनके कहने से की जा रही है।
भाटिया ने कहा, “कट्टर बेईमान और पापी आम आदमी पार्टी अब कट्टर गुंडों की पार्टी बन गई है। पापी ‘आप’ का विधायक भी है और गैंगस्टर भी है। पापी ‘आप’ का सबसे बड़ा समर्थक गैंगस्टर हैं, जो खुलेआम वसूली करते हैं। पापी ‘आप’ का गुंडा विधायक अरविंद केजरीवाल की सहमति से अब वसूली और फिरौती का रैकेट चला रहा है। एक ऑडियो क्लिप सामने आया है, जिसमें पापी ‘आप’ के विधायक नरेश बाल्यान एक गैंगस्टर से बातचीत कर रहे हैं। इसमें वह एक बिल्डर से पैसे वसूलने के लिए उस गैंगस्टर से कह रहे हैं।
नरेश यादव के बहाने केजरीवाल और पूरे इंडिया ब्लॉक पर हमला
उधर नरेश यादव के मामले में बीजेपी नेता अरविंद सिंह लवली ने कहा, यह शर्मनाक है कि एक ऐसी पार्टी जो पंजाब और दिल्ली दोनों में है, उसका एक प्रमुख विधायक कुरान शरीफ जैसे धार्मिक ग्रंथ को लेकर विवाद में है और उनके नेता अरविंद केजरीवाल चुप हैं। सवाल राहुल गांधी, ममता बनर्जी और फारूक अब्दुल्ला से भी है। क्या वे इसमें केजरीवाल के साथ हैं?
वहीं भाजपा प्रवक्ता शाजिया इल्मी ने कहा कि एक अन्य आप विधायक नरेश बालियान को हाल में दिल्ली पुलिस ने जबरन वसूली के आरोपों में गिरफ्तार किया है। चाहे जबरन वसूली हो या सांप्रदायिक उन्माद पैदा करना, ऐसी धूर्त मानसिकता और ऐसा दल सत्ता के लालच में किसी भी हद तक जा सकता है।
केजरीवाल के साथ संबंध खराब होने के बाद आप छोड़कर भाजपा में आयीं इल्मी ने कहा कि दिल्ली का सत्तारूढ़ दल मुसलमानों का वोट पाने के लिए तमाम तरह की बातें कहता है लेकिन उसके विधायक पंजाब में कुरान को अपवित्र करने की साजिश रचते हैं।