मुस्लिम देशों के साथ मीटिंग, ईरान से मिडिल ईस्ट पर चर्चा; क्या है रूसी राष्ट्रपति पुतिन का इरादा?

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार को तुर्कमेनिस्तान के दौरे पर पहुंच गए हैं। यहां पर उन्होंने मध्य एशियाई नेताओं के साथ अंतर्राष्ट्रीय फोरम पर बात की। खास बात यह है कि इस दौरान ईरान के राष्ट्रपति भी मौजूद रहे। क्रेमलिन के मुताबिक इस दौरान पुतिन ने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान से मिडिल ईस्ट के हालात पर चर्चा की। पुतिन और ईरानी राष्ट्रपति की यह पहली मुलाकात है। गौरतलब है कि इजरायल के लेबनान पर हमले के बाद ईरान भी ऐक्टिव हो चुका है। उसने एक अक्टूबर को मिसाइल भी दागी थी। अब इजरायल भी ईरान को जवाब देने की तैयारी में जुटा हुआ है। ऐसे में मुस्लिम देशों के साथ रूसी राष्ट्रपति की इस मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं।

क्रेमलिन द्वारा शेयर किए गए वीडियो में फोरम की शुरुआत के दौरान पुतिन ने अपनी बात को दोहराया कि वह एक नया वर्ल्ड ऑर्डर तैयार करना चाहते हैं। इसमें वह रूस के दोस्तों और सहयोगियों को रखने के इच्छुक हैं। इस कांफ्रेंस में कई अन्य क्षेत्रीय नेता भी शामिल हैं। यहां पर पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान के नेता भी कांफ्रेंस में रहेंगे।

बता दें कि रूस और ईरान का याराना काफी पुराना है। जब पुतिन ने 2022 में यूक्रेन पर हमला किया था तो दोनों देशो के बीच 1.7 बिलियन डॉलर की डील हुई थी। इसमें ईरान को रूस को ड्रोन एक्सपोर्ट करना था। अमेरिका को तो यह भी यकीन है कि ईरान ने छोटी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें भी भेजी थीं।

साथ ही पुतिन तुर्कमेनिस्तान के राष्ट्रपति सर्दार बर्दीमुहामेदोव से भी अलग से मुलाकात करेंगे। 43 साल के सर्दार, मार्च 2022 में चुने गए थे। उन्होंने अपने पिता गुर्बांग्यूली की जगह ली थी, जिन्होंने गैस की संपदा से भरपूर इस देश को 2006 तक चलाया था। साल 1991 में सोवियत संघ से अलग होने के बाद से तुर्कमेनिस्तान विभिन्न शासकों के शासनकाल में अलग-थलग रहा है।

पुतिन ने तुर्कमेनिस्तान की राजधानी अश्गाबात में आयोजित फोरम के प्रतिभागियों को काजान में आयोजित होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए आमंत्रित किया। श्री पुतिन ने कहा कि निश्चित रूप से, हम कज़ान में होने वाले कार्यक्रमों में उपस्थित होने के लिए अपने मेजबान राष्ट्रपति सर्दार बर्दीमुहामेदो और अन्य नेताओं को आमंत्रित करना चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *