रायपुर: दिल्ली में 1 नवंबर को होने वाले कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है। बीजेपी के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कांग्रेस के इस आंदोलन पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे देश में केवल अराजकता पैदा करने की राजनीति कर रहे हैं।
कांग्रेस की स्थिति क्षेत्रीय दल जैसी: अजय चंद्राकर
अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आज कांग्रेस की स्थिति महज एक क्षेत्रीय दल जैसी रह गई है। पार्टी का अब संवैधानिक संस्थाओं से भी भरोसा उठ चुका है, यही वजह है कि उन्होंने सुप्रीम कोर्ट और चुनाव आयोग के हलफनामों पर भी सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने दावा किया कि व्यापारी वर्ग भी कांग्रेस के इस तरह के प्रदर्शनों का पुरजोर विरोध कर रहा है।
मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर दी प्रतिक्रिया
कांग्रेस के दिल्ली आंदोलन को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हुए बीजेपी के एक पोस्ट और मल्लिकार्जुन खड़गे से जुड़े विवादित बयानों पर चंद्राकर ने कहा कि इस तरह की भाषा की पूरे देश में निंदा हो चुकी है। अब इस बात को यहीं दफन कर देना चाहिए, क्योंकि यह कोई इतना बड़ा मुद्दा नहीं है जिसे रोज-रोज दोहराया जाए।
भिलाई कैश कांड पर दीपक बैज के बयान पर पलटवार
भिलाई में 4 करोड़ रुपये नकद पकड़े जाने के मामले में पीसीसी चीफ दीपक बैज द्वारा इस पैसे के ‘संघ कार्यालय’ जाने के तंज पर अजय चंद्राकर ने जोरदार पलटवार किया है। उन्होंने कहा:
- “छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष को ज़मीनी हकीकत का कुछ अता-पता नहीं है। पैसा नागपुर, दिल्ली या मुंबई जा रहा था, इसका उनके पास क्या आधार है?”
- चंद्राकर ने आगे कहा कि कांग्रेस अब जनहित के तमाम मुद्दों से पूरी तरह कट चुकी है। पार्टी के पास राजनीति करने के लिए कोई ठोस तथ्य या मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह केवल ऊलूल-जुलूल बयानबाजी कर मीडिया में बने रहने की कोशिश करती है।